- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- ड्यूटी के दौरान निजी कार्यक्रम में...
Bhopal News: ड्यूटी के दौरान निजी कार्यक्रम में शामिल होना पड़ा महंगा! दो पुलिस अधिकारी सस्पेंड, 7 दिन में जांच के निर्देश

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में ड्यूटी के दौरान पुलिस वर्दी में निजी कार्यक्रम में शामिल होने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक फोटो के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस उपायुक्त, जोन-04 ने कजलीखेड़ा थाने में पदस्थ उप निरीक्षक (SI) श्रीकांत द्विवेदी और सहायक उप निरीक्षक (ASI) जगदीश रघुवंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों पर ड्यूटी के समय पुलिस वर्दी में निजी कार्यक्रम में उपस्थित रहने का आरोप है।
वायरल फोटो के बाद एक्शन
पुलिस उपायुक्त की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल फोटो के अनुसार थाना कजलीखेड़ा में पदस्थ SI श्रीकांत द्विवेदी और ASI जगदीश रघुवंशी कर्तव्य समय के दौरान पुलिस गणवेश में निजी कार्यक्रम में उपस्थित थे। प्रथम दृष्टया उनका यह कृत्य अनुशासनहीनता, अशोभनीय एवं संदेहास्पद आचरण की श्रेणी में आता है।
आदेश में पुलिस रेगुलेशन के पैरा-64 में उल्लेखित सेवा की सामान्य शर्तों के उल्लंघन का भी जिक्र किया गया है। इसी आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें कार्यालय सहायक पुलिस आयुक्त, चूनाभट्टी, भोपाल से संबद्ध किया गया है। आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि में दोनों को नियमानुसार वेतन-भत्ते की पात्रता रहेगी।
7 दिन में देनी होगी जांच रिपोर्ट
मामले की प्राथमिक जांच के लिए सहायक पुलिस आयुक्त, चूनाभट्टी को जिम्मेदारी दी गई है। आदेश में उन्हें निर्देश दिया गया है कि प्रकरण की प्राथमिक जांच पूरी कर 7 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इसके बाद जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Created On :   6 Oct 2026 8:35 PM IST












