यूथ कॉन्क्लेव: 2027 में पीएससी की दो बार होगी परीक्षा, हर महीने खुलेगा एक मेडिकल कॉलेज

2027 में पीएससी की दो बार होगी परीक्षा, हर महीने खुलेगा एक मेडिकल कॉलेज
राजधानी भोपाल में मंगलवार को सीएम यूथ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कई अहम घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों में लगातार नई भर्तियां और प्रमोशन कर रही है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र की राजधानी भोपाल में मंगलवार को सीएम यूथ कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कई अहम घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों में लगातार नई भर्तियां और प्रमोशन कर रही है। सुगम परिवहन सेवा से गांव-गांव तक बस सुविधा पहुंचाई है। राज्य सरकार का प्रयास है कि अब स्कूल और कॉलेज में भी बसों की सुविधा दी जाए और इस पर अमल किया जाएगा। डॉ यादव ने कहा कि अगले साल को राज्य सरकार युवा वर्ष के रूप में बनाएगी। इस दौरान 12 नई स्किल यूनिवर्सिटी (रोजगारपरक कोर्स) व कौशल उन्नयन पर आधारित और 12 नए मेडिकल कॉलेज (हर महीने 1 मेडिकल कॉलेज) खोले जाएंगे। साथ ही 2027 में 2 बार एमपी-पीएससी की परीक्षा करवाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को मौका मिले। युवाओं से सुझाव लेकर युवा वर्ष में कई तरह के नवाचार किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा वर्ष (2027) में साल में दो बार मप्र लोक सेवा आयोग की परीक्षा कराई जाएगी। जिन कामों के कारण मप्र को सिर्फ कृषि आधारित प्रदेश कहा जाता था, अब प्रदेश उद्योग-धंधे लगाने, मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज खोलने वाला बन गया है। कहा कि बीते ढाई साल में प्रदेश ने उद्योग, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, मेडिकल एजुकेशन और आईटी सेक्टर में तेजी से काम किया। हमने अलग-अलग क्षेत्रों में 85 हजार नौकरियां दी हैं।

कॉन्क्लेव से सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत मप्र सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के पंजीयन की भी शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने युवाओं से कहा कि प्रदेश के सभी जिलों के सरकारी कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए फ्री कोचिंग करवाई जाएगी। कॉलेजों के छात्रों प्लेसमेंट के लिए एजेंसी तय होगी, जो युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम करेगी। स्नातकोत्तर की छात्राओं को गांव की बेटी और प्रतिभा किरण योजना में शामिल किया जाएगा।

शासकीय उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान, भोपाल के छात्र अनिकेत तिवारी पूछा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के लिए खेल, रोड, रेल के विकास की बात कही है। राज्य सरकार इसमें कैसे योगदान देगी? इस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री पूरे देश को परिवार मानते हैं। उनके मार्गदर्शन में प्रदेश हर क्षेत्र में विकास कर आगे बढ़ रहा है। हमारी सरकार हवाई सुविधाएं बढ़ाने के लिए काम कर रही है। पिछले ढाई साल में सतना, रीवा और दतिया में नए एयरपोर्ट शुरू हुए हैं। राज्य सरकार प्रत्येक 150 किलोमीटर पर एक एयरपोर्ट बनाएगी। आगामी वर्षों में कुल 15 एयरपोर्ट बनाए जाएंगे, जिसमें से 10 इसी वर्ष तैयार करने का प्रयास रहेगा। हेली सर्विस और नई टेक्नोलॉजी को प्रोत्साहन के साथ अब हाइड्रोजन ट्रेन भी संचालित हो रही है। हम राज्य को नई तकनीक के बल पर आगे बढ़ाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कॉन्क्लेव में ये प्रमुख घोषणाएं की

- प्रदेश के सरकार कॉलेजों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क कोचिंग क्लासेस।

- उच्च शिक्षा में शोध को प्रोत्साहन देने के लिए शोधार्थियों मिलने वाली राशि 16 हजार से बढ़ाकर 25 हजार रुपए प्रतिमाह की जाएगी।

- सभी शासकीय महाविद्यालयों में अत्याधुनिक आर्टिफीशियल इंटेलिजेंस और एडवांस कम्प्युटिंग लैब की स्थापना की जाएगी।

- स्टार्टअप के लिए अच्छे आइडियाज मिलें, इसके लिए 5 करोड़ रुपए का आइडिया फंड बनाने का प्रावधान किया गया है।

- स्नातकोत्तर की छात्राओं को गांव की बेटी और प्रतिभा किरण योजना के दायरे में शामिल किया जाएगा।

- युवाओं के प्लेसमेंट कराने के लिए एक एजेंसी नियुक्त की जाएगी। सरकार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए काम करेगी।

- राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की 500 नई ईकाइयां बनाई जाएंगी।

- शोध संस्था में 1 करोड़ रुपए का फंड विश्वविद्यालय निधि से स्थापित किया जाएगा।

- प्रदेश के एक लाख युवाओं को कौशल उन्नयन योजना से जोड़ा जाएगा।

- प्रत्येक संभाग में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे।

- प्रदेश में पीएससी की सालाना परीक्षा के अतिरिक्त हर साल एक विशेष परीक्षा होगी।

- युवा वर्ष 2027 के लिए एक पोर्टल शुरु होगा, जिसमें युवा अपने आइडिया और सुझाव दे सकते हैं, इन पर अमल किया जाएगा।

- अगले वर्ष 12 नए मेडिकल कॉलेज और रोजगार परख कोर्स के लिए 12 स्किल यूनिवर्सिटी शुरु की जाएंगी।

इधर, छात्र-पुलिस में विवाद, कुर्सियां फेंकी

कॉन्क्लेव में यूथ आइकॉनिक सिंगर जुबिन नौटियाल एवं कबीर कैफे की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए छात्र और पुलिस के बीच विवाद हो गया। छात्रों को एंट्री नहीं मिलने और नजदीक नहीं पहुंचने के चलते वे बैरिकेड पर चढ़ गए। पुलिस ने रोकने की कोशिश की और बहस भी हुई। पुलिस ने कुछ को थप्पड़ भी मारे, इस पर छात्रों ने पुलिस पर कुर्सियां और धूल फेंकना शुरु कर दिया। छात्रों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने भी जवाब में कुर्सियां फेंककर पलटवार किया तो हंगामा बढ़ने लगा। इसे देखकर मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चा के अंकित गर्ग ने स्थिति संभाली। उन्होंने पुलिसकर्मियों को पीछे हटाया और छात्रों को आगे जाने दिया।

Created On :   7 Oct 2026 11:44 PM IST

Tags

Next Story