Bhopal News: बकरा कारोबारी से 17.90 लाख की लूट की, लूटेरों ने खरीदे नए कपड़े, 5 आरोपी गिरफ्तार

बकरा कारोबारी से 17.90 लाख की लूट की, लूटेरों ने खरीदे नए कपड़े, 5 आरोपी गिरफ्तार
भोपाल के ईटखेड़ी में बकरा कारोबारी से 17.90 लाख रुपए की लूट करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में सबसे पहले मोहम्मद इब्राहिम को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल के ईटखेड़ी में बकरा कारोबारी से 17.90 लाख रुपए की लूट करने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले में सबसे पहले मोहम्मद इब्राहिम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इब्राहिम के बताने के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद इकबाल, आरिफ बाबा, तनवीर और अरशद बब्बा को राजस्थान से पकड़ा। पांचों को भोपाल लाकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। दो दिन पहले ही आरोपियों ने लांबाखेड़ा पेट्रोल पंप ब्रिज के पास कारोबारी से पैसे लूटे थे।

पुलिस के अनुसार, करीब 1000 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचा गया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों के आने-जाने के रास्तों और उनकी गतिविधियों की पड़ताल की गई। गिरफ्तार आरोपियों से लूटी गई रकम में से 13.50 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, फरियादी मुबीन बकरों का व्यापार करते हैं। वे जीरापुर से बकरे खरीदकर हैदराबाद और चेन्नई में बेचते हैं। 17 नवंबर की सुबह वे घर से 17.90 लाख रुपए लेकर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। तभी रास्ते में लांबाखेड़ा पेट्रोल पंप ब्रिज के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनसे बैग में रखे 17.90 लाख रुपए लूट लिए। जिसकी शिकायत ईटखेड़ी थाने में लूट का केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया था। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भोपाल के अलग-अलग थानों में पहले से भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

लूट की रकम से खरीदे कपड़े

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने कोटा में लूट के पैसे से कपड़ों की खरीददारी की। आरोपियों ने करीब 40 हजार के कपड़े खरीदे। जिनको पुलिस ने बरामद कर लिया है। कुछ पैसे खर्च कर दिए थे। आरोपियों के पास से 13.50 लाख रुपए नकद बरामद हुए हैं। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और कार भी जब्त की गई। जब्त मशरूके की कुल कीमत करीब 33.40 लाख रुपए है।

Created On :  

Tags

Next Story