MP News: भोपाल में बनेगी BSL-4 लैब, 300 करोड़ रुपए होंगे खर्च, शिवराज सिंह चौहान ने की घोषणा, बर्ड फ्लू की देश की पहली वैक्सीन भोपाल में तैयार

भोपाल में बनेगी BSL-4 लैब, 300 करोड़ रुपए होंगे खर्च, शिवराज सिंह चौहान ने की घोषणा, बर्ड फ्लू की देश की पहली वैक्सीन भोपाल में तैयार

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल ने देश के वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशुरोग संस्थान के वैज्ञानिकों ने बर्ड फ्लू के खिलाफ देश की पहली स्वदेशी वैक्सीन तैयार की है। इस वैक्सीन को 20 नवंबर को पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देश को समर्पित किया।

इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय है कि बर्ड फ्लू जैसी गंभीर बीमारी की वैक्सीन भोपाल के वैज्ञानिकों ने तैयार की है। यह भारत की वैज्ञानिक क्षमता, अनुसंधान और आत्मनिर्भरता का प्रमाण है।

भोपाल में 300 करोड़ की लागत से बनेगी BSL-4 लैब

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में BSL-4 लैब स्थापित करने की बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस लैब के निर्माण पर करीब 300 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इस उच्च स्तरीय प्रयोगशाला से गंभीर और खतरनाक संक्रामक रोगों पर अनुसंधान और निगरानी की क्षमता को मजबूती मिलेगी।

वैज्ञानिकों की मेहनत से तैयार हुई वैक्सीन

शिवराज सिंह चौहान ने वैक्सीन तैयार करने वाले वैज्ञानिकों की सराहना करते हुए कहा कि इसके लिए वैज्ञानिकों ने कई महीनों तक लगातार काम किया। उन्हें व्यक्तिगत जीवन और परिवार से भी समय निकालकर कठिन सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करना पड़ा। उन्होंने वैज्ञानिकों को इस उपलब्धि का असली नायक बताया।

उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान भी भारत ने महज नौ महीने में दो वैक्सीन तैयार कर अपनी क्षमता साबित की थी। अब बर्ड फ्लू के खिलाफ स्वदेशी वैक्सीन तैयार होना उसी वैज्ञानिक सामर्थ्य का एक और उदाहरण है।

कृषि और पशुपालन क्षेत्र की उपलब्धियों का भी किया जिक्र

केंद्रीय मंत्री ने देश की कृषि प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत चावल और दूध उत्पादन में दुनिया में अग्रणी है। मछली उत्पादन के क्षेत्र में भी देश ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों को देश की अर्थव्यवस्था तथा किसानों की आय के लिए महत्वपूर्ण बताया।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पशुओं और पक्षियों को बीमारियों से बचाना किसानों और पशुपालकों की आर्थिक सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। बर्ड फ्लू जैसी बीमारी से पोल्ट्री उद्योग को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। ऐसे में भोपाल के वैज्ञानिकों द्वारा तैयार वैक्सीन पोल्ट्री क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

उन्होंने वैज्ञानिकों और संस्थान की पूरी टीम को बधाई देते हुए वैक्सीन के व्यावसायिक उत्पादन और किसानों-पोल्ट्री संचालकों तक जल्द पहुंचाने की प्रक्रिया में तेजी लाने की बात कही।

Created On :  

Tags

Next Story