Chandrapur News: ब्रिक्स प्रतिनिधियों ने ताड़ोबा दौरे में जाना वन्यजीवों की सुरक्षा प्रणाली को

ब्रिक्स प्रतिनिधियों ने ताड़ोबा दौरे में जाना वन्यजीवों की सुरक्षा प्रणाली को
पारंपरिक आदिवासी नृत्य का आयोजन

Chandrapur News भारत की ब्रिक्स 2026 अध्यक्षता के तहत ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडल ने ताड़ोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व का दौरा कर यहां अपनाई जा रही आधुनिक वन्यजीव संरक्षण पद्धतियों और समुदाय आधारित शाश्वत आजीविका मॉडल का प्रत्यक्ष अनुभव लिया। यह दौरा 18वीं ब्रिक्स परिषद के अंतर्गत राष्ट्रीय प्रत्यक्ष कर अकादमी (एनएडीटी), नागपुर द्वारा 20 से 26 अप्रैल के बीच आयोजित ब्रिक्स यंग टैक्स प्रोफेशनल्स वर्किंग ग्रुप - क्षमता वृद्धि कार्यशाला के हिस्से के रूप में आयोजित किया गया था।

दौरे की शुरुआत सुबह की सफारी से हुई, जिसमें प्रतिनिधियों को विज्ञान आधारित और प्रबंधन-केंद्रित संरक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने अत्याधुनिक गश्त व्यवस्था, रियल-टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग और खुफिया जानकारी पर आधारित कार्रवाई की जानकारी साझा की। प्रतिनिधिमंडल ने ताड़ोबा क्षेत्र के स्वच्छता के लिए प्रसिद्ध सातारा गांव का दौरा किया। यहां स्थानीय समुदाय की भागीदारी, इको-टूरिज्म और शाश्वत आजीविका मॉडल की जानकारी दी गई। इस दौरान पारंपरिक आदिवासी नृत्य का आयोजन भी किया गया, जिससे मध्य भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और संरक्षण में समुदाय की भूमिका का प्रदर्शन हुआ।

दौरे के अंत में क्षेत्र संचालक, उपसंचालक (कोर व बफर) और वन अधिकारियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किया गया। इसमें लैंडस्केप स्तर पर संरक्षण रणनीतियां, मानव-वन्यजीव सहअस्तित्व और जैव विविधता संरक्षण में अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर चर्चा हुई। यह दौरा वैश्विक स्तर पर ज्ञान के आदान-प्रदान और संरक्षण साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। ताड़ोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व आज समुदाय सहभाग के साथ संतुलित वन्यजीव प्रबंधन का एक आदर्श मॉडल बनकर उभर रहा है।


Created On :   29 April 2026 4:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story