- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- खाद बिक्री में अनियमितता पाए जाने...
Chandrapur News: खाद बिक्री में अनियमितता पाए जाने पर 16 कृषि केंद्रों के लाइसेंस निलंबित

Chandrapur News जिले में कृषि केंद्र संचालकों द्वारा खाद बिक्री में की जा रही अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी ने सख्त कार्रवाई की है। 24 अप्रैल को जिला अधीक्षक कृषि कार्यालय में आयोजित विशेष सुनवाई के बाद जिले के 16 कृषि केंद्रों के लाइसेंस निलंबित करने के आदेश जारी किए गए। वहीं 3 कृषि केंद्रों के लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द किए गए हैं, जबकि 12 केंद्रों को कड़ी चेतावनी दी गई है। जानकारी के अनुसार, जिले के कुछ कृषि केंद्र संचालकों के खिलाफ खाद के स्टॉक और बिक्री दर में नियमों के उल्लंघन की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इसके आधार पर जिला गुणवत्ता नियंत्रण दल ने विभिन्न केंद्रों पर अचानक जांच की।
जांच के दौरान कई जगहों पर खाद के स्टॉक में गड़बड़ी और बिक्री रिकॉर्ड में अनियमितता पाई गई। इन शिकायतों के आधार पर संबंधित केंद्र संचालकों को सुनवाई के लिए बुलाया गया था। जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी के मार्गदर्शन में हुई इस सुनवाई में प्रत्येक मामले की विस्तार से जांच की गई। सुनवाई के दौरान संचालकों द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर 16 कृषि केंद्रों के लाइसेंस निलंबित करने का निर्णय लिया गया। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद बिक्री या अन्य कृषि इनपुट्स में किसी भी प्रकार की अनियमितता करने वाले केंद्रों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई से जिले में अवैध जमाखोरी और खाद की ऊंचे दामों पर बिक्री करने वाले विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। आगामी फसल सीजन को देखते हुए कृषि विभाग की यह कार्रवाई काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
निलंबित कृषि केंद्र : श्री एग्रो ट्रेडर्स (दुर्गापुर), शिव कृषि केंद्र (वरोरा), कल्पना कृषि केंद्र (वरोरा), आदर्श कृषि केंद्र (जिबगांव, सावली), धाईत कृषि केंद्र (निफंद्रा, सावली), साई कृषि केंद्र (सावली), आदिवासी विविध कार्यकारी सहकारी संस्था (गिरगांव, नागभीड), देशमुख कृषि केंद्र (मांगली, नागभीड), सेवा सहकारी संस्था (पलसगांव, नागभीड), प्रभु कृपा कृषि केंद्र (मेंढा, नागभीड), ठेंगरे कृषि केंद्र (पिंपलगांव, ब्रह्मपुरी), विनोद कृषि केंद्र (पिंपलगांव, ब्रह्मपुरी), पवन कृषि केंद्र (भद्रावती), समर्थ एग्रो एजेंसी (गवराला, भद्रावती), पाथरी सेवा सहकारी संस्था (पाथरी, सावली), गणेश कृषि केंद्र (बेंबाल, मुल) शामिल है।
Created On :   29 April 2026 4:08 PM IST















