- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र खुद हुआ...
Chhindwara News: दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र खुद हुआ अपाहिज...कृत्रिम अंग न वैशाखी

- जिला दिव्यांग पुर्नवास केन्द्र में हर दिन दिव्यांग उपकरणों के लिए आते है।
- दो साल से नहीं आए उपकरण, कृत्रिम अंग बनाने वाले कर्मचारी ने भी छोड़ा काम
- जिले में 29 हजार दिव्यांग, सैकड़ों पुनर्वास केन्द्र से राहत के इंतजार में भटक रहे
Chhindwara News: निशक्तजनों के समग्र विकास एवं पुनर्वास के लिए समर्पित संस्थान जिला दिव्यांग पुनर्वास केन्द्र इन दिनों स्वयं अपाहिज हो चुका है। पिछले दो-तीन सालों से दिव्यांगों के लिए न तो यहां कृत्रिम अंग है और न ही अन्य उपकरण। जिले के अलग-अलग विकासखंडों से लगभग हर रोज दिव्यांग उपकरणों के लिए पुनर्वास केन्द्र आ रहे है, लेिकन उन्हें यहां से खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
जिले में कुल 29 हजार दिव्यांग है। इनमें से 120 दिव्यांग ऐसे है जिन्हें कृत्रिम पैरों की आवश्यकता है वहीं 290 दिव्यांगों को वैशाखी, छड़ी, कान की मशीन, ट्राइसिकल समेत अन्य उपकरण की जरुरत है। यह दिव्यांग उपकरणों के लिए भटक रहे है। पुर्नवास केन्द्र से कई बार सामाजिक न्याय विभाग से पत्राचार किया गया है, लेकिन विभाग की ओर से अभी तक कोई व्यवस्था नहीं बनाई गई।
फरवरी में लगा था शिविर, अभी तक नहीं मिले उपकरण
18 फरवरी 2025 को जिला दिव्यांग पुर्नवास केन्द्र द्वारा शिविर लगाया गया था। शिविर में जबलपुर की एलिमको कंपनी द्वारा 290 दिव्यांगों को उपकरण के लिए चिन्हित किया गया था, लेकिन अभी तक उन्हें उपकरण नहीं मिल पाए है।
कर्मचारी ने काम छोड़ा, नहीं बन रहे कृत्रिम अंग
पुर्नवास केन्द्र में दो कर्मचारी कृत्रिम अंग बनाया करते थे। चार साल पहले एक कर्मचारी सेवानिवृत्त हो गए। दूसरे कर्मचारी ने कम मानदेय होने की वजह से तीन साल पहले काम छोड़ दिया है। नए कर्मचारी की भर्ती नहीं हुई है। इस वजह से कृत्रिम अंग नहीं बन पा रहे है।
इनकी पीड़ा कौन समझेगा
एक्सीडेंट में अपना एक पैर गंवा चुके रामगढ़ी के नंदकुमार रघुवंशी का कहना है कि बीते फरवरी माह में ट्राइसिकल के लिए आवेदन किया था। अभी तक ट्राइसिकल नहीं मिल पाई है। पुर्नवास केन्द्र से ट्राइसिकल नहीं दे पा रहे है तो वैशाखी ही दे दें। थोड़ा तो सहारा हो जाता। बुधवार को पुर्नवास केन्द्र गया था वहां से लौटा दिया गया।
क्या कहते हैं अधिकारी
जिला दिव्यांग पुर्नवास केन्द्र में हर दिन दिव्यांग उपकरणों के लिए आते है। परेशान हो रहे दिव्यांगों की समस्या का समाधान हम नहीं कर पा रहे है। सामाजिक न्याय विभाग से उपकरणों की मांग की गई है लेकिन सामग्री नहीं मिल पा रही है।
- पंचलाल चंद्रवंशी, प्रशासनिक अधिकारी, डीडीआरसी
Created On :   7 Aug 2025 3:10 PM IST