- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- व्यापारी से 9 करोड़ रुपए कीमत का...
Chhindwara News: व्यापारी से 9 करोड़ रुपए कीमत का मक्का जब्त, सिवनी के एक वेयर हाउस में रखा था मक्का, समसवाड़ा के व्यापारी से पूछताछ जारी

- व्यापारी से 9 करोड़ रुपए कीमत का मक्का जब्त
- सिवनी के एक वेयर हाउस में रखा था मक्का
- समसवाड़ा के व्यापारी से पूछताछ जारी
Chhindwara News: किसानों से अनाज लेकर उन्हें भुगतान नहीं करने वाले समसवाड़ा के अनाज व्यापारी पिता-पुत्रों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की हैं। किसानों के एक करोड़ से अधिक रुपए डकार चुके व्यापारी से पूछताछ के बाद पुलिस ने सिवनी स्थित एक वेयर हाउस से 42 हजार क्विंटल मक्का जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 42 लाख रुपए है। सिवनी के एक वेयर हाउस में अनाज रखकर कंपनी से उसपर 70 प्रतिशत लोन ले लिया था। पुलिस ने वेयर हाउस में रखा लगभग 42 हजार क्विंटल मक्का जब्त किया हैं। इसकी बाजार की कीमत 9 करोड़ 42 लाख बताई जा रही हैं।
थाना प्रभारी जीएस उईके ने बताया कि चौरई मंडी में किसानों ने शिकायत की थी कि उनकी उपज खरीदने के बाद व्यापारी भुगतान नहीं कर रहे हैं। शिकायत के आधार पर तीन व्यापारियों पर मामला दर्ज किया गया था। इनमें सबसे अधिक बकाया समसवाड़ा के राज साहू, हिमांशु साहू और उनके पिता ओमशंकर साहू की फर्म पर था। बताया जाता हैं कि उक्त व्यापारियों ने किसानों को एक करोड़ तीन लाख से अधिक का भुगतान नहीं किया था। पिछले दिनों पुलिस ने हिमांशु को छिंदवाड़ा से पकड़ा है। पुलिस की पूछताछ के बाद चौरई के किसानों से खरीदा गया 9 करोड़ 42 हजार रुपए कीमत का 42 हजार क्विंटल अनाज सिवनी के दादा गुरु वेयर हाउस से जब्त किया गया है। मंडी की मदद से इस अनाज की नीलामी कर किसानों को राशि दी जाएगी।
अनाज को गिरवी रख लिया 6 करोड़ का लोन-
पुलिस को दादा गुरु वेयर हाउस में आर्यधन फाइनेंस कंपनी ने बताया कि उक्त मक्का उनके कब्जे में हैं। 45 हजार क्विंटल मक्का रखकर हिमांशु और उसके पिता व भाई ने 6 करोड़ से अधिक का लोन लिया हैं। जिसके एवज में यह मक्का रखा गया हैं। पुलिस ने कंपनी के दावों को दरकिनार करते हुए उक्त मक्का को जब्त कर लिया है।
रोज सामने आ रहे किसान,करोड़ों का गोलमाल-
थाना प्रभारी जीसी उईके ने बताया कि समसवाड़ा के पिता-पुत्रों के खिलाफ रोज शिकायतें आ रही हैं। अब तक 1 करोड़ 3 लाख का भुगतान नहीं करने की शिकायत आई हैं। कई किसानों के पास दस्तावेज नहीं हैं जिसके चलते वे शिकायत नहीं कर पा रहे हैं। बताया जाता हैं कि किसानों से दस करोड़ से अधिक का माल खरीदा गया हैं।
लग्जरी लाइफ गुजार रहे थे व्यापारी-
अनाज कांड के बाद सोशल मीडिया पर हिमांशु की कई फोटो वायरल हो रही है। इसमें नए ट्रक खरीदने और दो नई फोर व्हीलर खरीदने समेत देश के कई शहरों में घूमते हुए फोटो और वीडियो हैं। किसानों के मुताबिक उनके पैसे से व्यापारी और उसका परिवार लग्जरी लाइफ जी रहा था।
Created On :   11 July 2025 2:36 PM IST