- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- ट्रांसपोर्ट नगर के टेंडर पर...
Chhindwara News: ट्रांसपोर्ट नगर के टेंडर पर टसल..चहेतों के लिए मर्जी से बनाए नियम

- एक करोड़ 69 लाख के टेंडर को लेकर निगम में आ रही आपत्तियां
- छोटे ठेकेदारों का विरोध, परिषद की बैठक में विरोध दर्ज करा चुके भाजपा-कांग्रेस के पार्षद
- भाजपा के पार्षदों में ही नाराजगी
Chhindwara News: ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण में निगम अधिकारियों की मनमानी पूरे प्रोजेक्ट पर पलीता लगा रही है। चहेते ठेकेदार को टेंडर मिल जाए, इसके लिए अधिकारियों ने अपनी मर्जी के नियम जोड़ लिए। इन नियमों को लेेकर अब निगम में बवाल मचा हुआ है। ठेकेदारों के अलावा कांग्रेस के साथ-साथ भाजपा के पार्षद भी खुलकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। शिकायत छिंदवाड़ा से लेकर भोपाल तक हो चुकी है।
पिछले दिनों नगर निगम ने ट्रांसपोर्ट नगर में लेवलिंग सहित अन्य कामों को लेकर एक करोड़ 69 लाख का टेंडर निकाला था। इसमें शर्त जोड़ी गई है कि टेंडर उसी फर्म को दिया जाएगा। जिसके बाद पास स्वयं का 5 टिपर, वॉटर टैंक और 1 मोटर ग्रेडर सहित डंपर होने चाहिए। मतलब इन वाहनों का स्वामित्व ठेकेदार के पास होना चाहिए।
इसी शर्त को शामिल करने की वजह से अधिकारी फंस गए हैं। अब निगम के ठेकेदार ही सवाल खड़ा कर रहे हैं कि ऐसा पहली बार हुआ है, जब ऐसे नियमों के आधार पर टेंडर निकाला गया। जबकि ये इतना बड़ा टेंडर भी नहीं है कि निगम के छोटे ठेकेदार यहां काम न कर सकें। किसी चहेते ठेकेदार को लाभ देने के लिए निगम ने पूरी टेंडर प्रक्रिया की शर्तों पर अपनी मर्जी थोप थी है।
इनका कहना है
ट्रांसपोर्ट नगर का काम बिना टेंडर किए जाने का विरोध हम पहले भी परिषद की बैठक में कर चुके हैं। टेंडर की शर्तों से लग रहा है कि अधिकारी अपने चहेते ठेकेदार को काम देने के लिए अपनी मर्जी के नियम जोड़ रहे हैं।
-धर्मेंद्र सोनू मागो अध्यक्ष, नगर निगम
किसी विशेष व्यक्ति की कंपनी को लाभ पहुंचाने के लिए ही पूरी टेंडर प्रक्रिया में अपनी मर्जी के नियम जोड़े गए हैं। यदि इन्हें निरस्त नहीं किया जाता है तो हम न्यायालय के समक्ष जाएंगे। नगरीय प्रशासन विभाग को इसकी शिकायत कर चुके हैं।
-संदीप सिंह चौहान, भाजपा पार्षद
क्या कहते हैं अधिकारी...
ट्रांसपोर्ट नगर की टेंडर प्रक्रिया के नियमों को फाइल देखकर ही कुछ बता पाऊंगा। कल फाइलों का निरीक्षण करुंगा।
-हिमांशु अतुलकर, ईई नगर निगम
Created On :   22 Aug 2025 1:04 PM IST