Shahnagar News: जनगना में बाड़ी और रास्ते को लेकर दो पक्षों में मारपीट, दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज

डिजिटल डेस्क,शाहनगर। शाहनगर थाना क्षेत्र के जनगना गांव में 15 नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे बाड़ी लगाने और रास्ते को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर काउंटर केस दर्ज कर जांच में लिया है।
पहले पक्ष का आरोप
पहले पक्ष के फरियादी रामदास यादव ने पुलिस को बताया कि वह अपने खेत में बाड़ी लगा रहा था। उसी दौरान राजू यादव, महेन्द्र यादव और कृष्णपाल यादव वहां पहुंचे और रास्ते को लेकर विवाद करने लगे।
रामदास का आरोप है कि आरोपियों ने उसे गाली देना शुरू कर दिया। जब उसने गाली देने से मना किया तो राजू यादव ने हाथ में रखे डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे उसके सिर से खून निकल आया और वह घायल हो गया। शोर सुनकर बचाने आए उसके भाई रामकिशन और भोला को भी आरोपियों ने मारपीट कर घायल कर दिया।
दूसरे पक्ष का आरोप - काउंटर केस
इसी मामले में दूसरे पक्ष ने भी थाने पहुंचकर काउंटर केस दर्ज कराया है। दूसरे पक्ष के फरियादी राजू प्रसाद यादव ने बताया कि भोला, रामकिशन और रामदास ने शासकीय दर्रा रास्ते में बाड़ी लगा दी थी, जिससे गांव के लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी।
जब उन्होंने बाड़ी लगाने से मना किया तो तीनों ने विवाद शुरू कर दिया और मारपीट पर उतर आए। मारपीट में गौरा बाई, द्रोपदी बाई, माधव और महेन्द्र को चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
शाहनगर पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 3(5) के तहत काउंटर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होगा।
Created On :  
