- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- हिंगोली
- /
- पूर्व विधायक भाऊराव पाटिल...
Hingoli News: पूर्व विधायक भाऊराव पाटिल गोरेगांवकर ने थामा धनुष्य-बाण, मुंबई में होंगे शिंदे गुट में शामिल

- 14 अक्टूबर को मुंबई में करेंगे शिवसेना (शिंदे गुट) में प्रवेश
- भाऊराव पाटिल गोरेगांवकर ने थामा धनुष्य-बाण
- स्थानीय निकायों में भगवा फहराने का विश्वास
Hingoli News. राजनीतिक गलियारों में पिछले कई दिनों से चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। जिले के वरिष्ठ नेता और तीन बार के विधायक रह चुके भाऊराव पाटिल गोरेगांवकर ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना (शिंदे गुट) में शामिल होने का निर्णय लिया है। रविवार 12 अक्टूबर को गोरेगांव में आयोजित समर्थकों की बैठक में उन्होंने इस निर्णय की औपचारिक घोषणा की। गोरेगांवकर 14 अक्टूबर को मुंबई में मुख्यमंत्री शिंदे की उपस्थिति में पार्टी में विधिवत प्रवेश करेंगे। बताया जा रहा है कि उनके साथ कई पूर्व और वर्तमान जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और विभिन्न संस्थाओं के निदेशक भी धनुष्य-बाण का प्रतीक ग्रहण करेंगे।
कांग्रेस में लंबे समय तक सक्रिय रहे भाऊराव पाटिल हिंगोली विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके हैं। उन्हें कांग्रेस का वफादार और मजबूत जनाधार वाला चेहरा माना जाता था। हालांकि, हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने यह सीट उद्धव ठाकरे गुट की शिवसेना को दे दी थी। पार्टी के इस फैसले से असंतुष्ट गोरेगांवकर ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा, पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद से ही उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर कयास तेज हो गए थे।
यह भी पढ़े -हिंगना में 13, 000 करोड़ का मेगा कमर्शियल हब बनेगा, न्यू नागपुर को एनएमआरडीए बोर्ड की मंजूरी
चुनाव के बाद यह चर्चा जोरों पर थी कि गोरेगांवकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) में शामिल हो सकते हैं। इस संबंध में बातचीत भी हुई, पर स्थानीय नेताओं प्रकाश थोराट, अनिल पतंगे सहित कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के विरोध के चलते यह रास्ता बंद हो गया।
इसी बीच दो दिन पहले विधायक संतोष बांगर ने गोरेगांवकर के निवास पर भेंट दी थी, जिसके बाद उनके शिवसेना (शिंदे गट) में शामिल होने की अटकलें तेज हो गईं। अब उनकी एंट्री से जिले की राजनीति में शिवसेना की ताकत बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इससे आगामी स्थानीय निकाय चुनाव में मुकाबला और दिलचस्प हो जाएगा।
स्थानीय निकायों में भगवा फहराने का विश्वास
समर्थकों की बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए भाऊराव पाटिल गोरेगांवकर ने कहा कि कार्यकर्ताओं की भावनाओं और इच्छाओं का सम्मान करते हुए मैंने यह निर्णय लिया है। आने वाले नगर परिषद और जिला परिषद चुनावों में हम शिवसेना का भगवा झंडा फहराएंगे।
Created On :   12 Oct 2025 8:33 PM IST












