जबलपुर न्यूज: बरसते मेघों के बीच हुई बप्पा की विदाई

गणपति अपने गांव चले... अगले बरस तू जल्दी आ के जयकारों से गूंजती रही संस्कारधानी

डिजिटल डेस्क जबलपुर।बरसते मेघ... आंखों में विदाई का भाव और जुबां पर एक ही पुकार—गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ। अनंत चतुर्दशी पर संस्कारधानी में आस्था और उमंग के रंग बिखरे नजर आए। सुबह से ही बप्पा की विदाई का सिलसिला शुरू हुआ, जो देर तक चलता रहा। बारिश भी श्रद्धालुओं के उत्साह को नहीं रोक सकी।

घरों में विराजमान गणेश प्रतिमाओं का श्रद्धालुओं ने टब, बाल्टी और छोटे कुंडों में विधि-विधान से विसर्जन किया। वहीं सार्वजनिक पंडालों में विराजमान गजानन को ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ विसर्जन कुंडों तक ले जाया गया। रास्तेभर गुलाल उड़ता रहा और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।

कई परिवार बप्पा को बाइक और अन्य वाहनों पर लेकर विसर्जन स्थलों तक पहुंचे। बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं की कतारें नजर आईं। विदाई के दौरान कहीं आरती हुई तो कहीं बप्पा को अंतिम भोग लगाकर नम आंखों से विदा किया गया।

बारिश में भी आस्था की रफ्तार नहीं थमी। बप्पा विदा हुए, लेकिन अगले बरस फिर आने का भरोसा छोड़ गए।


Created On :   25 Sept 2026 4:45 PM IST

Tags

Next Story