अवैध संबंधों के चलते हुई रसोइए की हत्या

राँझी में हुई अंधी हत्या का खुलासा, किशोर निकला आरोपी

डिजिटल डेस्क जबलपुर। राँझी थाना क्षेत्र स्थित बड़ा पत्थर में रहने वाले 44 वर्षीय रसोइए की शनिवार को हत्या कर दी गई थी। जानकारी लगने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर कुछ ही घंटों में अंधी हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी 17 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार कर लिया। जाँच में पता चला कि अवैध प्रेम संबंधों के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया था। उक्त जानकारी एक पत्रवार्ता में एसपी टीके विद्यार्थी द्वारा दी गई।

इस संबंध में बताया गया कि शनिवार की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि राँझी बड़ा पत्थर निवासी राज बहादुर ठाकुर उम्र 44 वर्ष अपने घर पर खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा है। जाँच में पता चला कि मृतक फेरी लगाकर कपड़े बेचने व खाना बनाने का काम करता था। उसके मोहल्ले में रहने वाली एक महिला से प्रेम संबंध थे। इस बात को लेकर दोनों परिवारों में विवाद होता रहता था। मृतक की हरकतों से तंग आकर करीब 2 वर्ष पूर्व उसकी पत्नी अपने बच्चों को लेकर घर छोड़कर चली गई थी उसके बाद से मृतक अकेला रहता था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने मोहल्ले में रहने वाली महिला के 17 वर्षीय बेटे द्वारा हत्या किए जाने का संदेह होने पर उसकी पतासाजी की गई तो पता चला कि बुखार आने के कारण वह विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने कबूल किया कि मृतक के उसकी माँ के साथ संबंध होने के चलते मोहल्ले में उसकी बदनामी हो रही थी। इसी का बदला लेने के लिए वह शनिवार की शाम मृतक के घर पहुँचा था और चाकू, कुल्हाड़ी से हमला कर राजबहादुर की हत्या कर दी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू व कुल्हाड़ी जब्त की है।

Created On :   17 Sep 2023 5:46 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story