Jabalpur News: राज्य शिक्षा केन्द्र से आए आदेश, हर हाल में 31 दिसम्बर के पहले तक खरीदे जाएं टेबलेट

टेबलेट खरीदने का दबाव, शिक्षक परेशान, 15 मिल रहे खर्च हो रहे 30 हजार

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सरकारी स्कूलों में पदस्थ माध्यमिक शिक्षकों को टेबलेट खरीदने के लिए अब अंतिम अवसर प्रदान किया जा रहा है और यदि उन्होने ऐसा नहीं किया तो निश्चित ही सरकारी फरमान की अवमानना करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई भी हो, लेकिन हर हाल में परेशान शिक्षक ही हो रहे हैं। टेबलेट खरीदने सरकार 15 हजार रुपए दे रही है जबकि जिन मानकों के टेबलेट खरीदने के नियम हैं वे 30 हजार से नीचे आते ही नहीं हैं। ऐसे में शिक्षक परेशान हैं कि उनके ऊपर बेवजह का दबाव बनाया जा रहा है।

राज्य शिक्षा केन्द्र की ओर से आए पत्र में कहा गया है कि सत्र 2024-25 में स्टार्स परियोजना के अंतर्गत माध्यमिक शिक्षकों को टेबलेट खरीदने का प्रावधान किया गया था। वर्तमान में एजुकेशन पोर्टल 3.0 में माध्यमिक शिक्षकों के लिए टेबलेट खरीदने की प्रक्रिया चल रही है, यह सुविधा 31 दिसंबर 2026 तक ही रहेगी। जिन माध्यमिक शिक्षकों ने अभी तक टेबलेट क्रय नहीं किया है, उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे 31 दिसंबर तक क्रय एवं भुगतान हेतु प्रतिपूर्ति की कार्यवाही करें।

सत्यापन नहीं कराया तो बीआरसी होंगे जिम्मेदार

जिला परियोजना समन्वयक को जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि 31 दिसंबर तक ब्लाक स्तर से 100 प्रतिशत सत्यापन पूर्ण करना होगा। अर्थात सभी शिक्षकों को टैब खरीदकर उसका सत्यापन भी करा लेना होगा। ऐसा नहीं हुआ तो बीआरसी पर जिम्मेदार होंगे और समयावधि में सत्यापन नहीं किये जाने की स्थिति में लंबित भुगतान उनके खाते में ही आएगा। इसमें यह बात भी महत्वपूर्ण हैं िक जिस स्टार्स परियोजना से टेबलेट खरीदे जा रहे हैं वह 31 मार्च 2027 को समाप्त हो रही है।

रुपए खर्च करने से कतरा रहे शिक्षक

शिक्षकों का कहना है कि सरकार ने टैब खरीदने के जो मानक तय किए हैं उनके अनुसार 15 हजार रुपयोें में टैब आ ही नहीं सकता है। ऐसे में शिक्षकों को अपने पास से 15 से 20 हजार रुपए खर्च करने पड़ रहे हैं। बहुत से शिक्षक इस राशि को खर्च करने से कतरा रहे हैं। उनका कहना है कि जब टैब से सरकारी कार्य ही करना है तो वे यह खरीदी सरकारी रुपयों से ही करेंगे।

Created On :  

Next Story