Jabalpur News: जबलपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय में हवाई हमले और आगजनी की मॉक ड्रिल, 15 मिनट में आग पर पाया काबू

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पुलिस के रिस्पॉन्स टाइम, मुस्तैदी और आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से गुरुवार, 26 नवंबर को जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) कार्यालय, सिविक सेंटर में संयुक्त मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में आयोजित इस मॉक ड्रिल में जबलपुर पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, विस्फोटक विशेषज्ञ बीडीडीएस टीम, स्वास्थ्य विभाग, एम्बुलेंस सेवा और अग्निशमन विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों ने भाग लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान कंट्रोल रूम को सूचना दी गई कि जबलपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय में हवाई हमले के कारण अचानक विस्फोट हो गया है और कार्यालय परिसर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई है। सूचना मिलते ही सायरन बजाकर आसपास के क्षेत्रों को अलर्ट किया गया। कंट्रोल रूम की टीम ने तत्काल एसडीआरएफ, अस्पताल प्रबंधन, नगर निगम, अग्निशमन विभाग, एमपीईबी और पुलिस अधिकारियों सहित सभी संबंधित विभागों को सूचित किया।
सूचना मिलते ही सभी विभागों की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अग्निशमन विभाग की टीम ने महज 15 मिनट के भीतर आग पर काबू पा लिया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग और एम्बुलेंस की सहायता से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की गई।
पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे घटनास्थल की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और राहत-बचाव कार्य को सुचारू रूप से संचालित किया। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और टीमों की सतर्कता के चलते मॉक ड्रिल के दौरान किसी प्रकार की बड़ी जनहानि या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं हुआ।
इस संयुक्त मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के रिस्पॉन्स टाइम, तत्परता, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय का परीक्षण करना था, ताकि किसी वास्तविक आपदा या आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Created On :  
