Jabalpur News: हजारों छात्र-छात्राएं परेशान, देरी से हुईं परीक्षाएं और अब रिजल्ट रुका

32 कॉलेजों ने नहीं भेजे अंक, जारी हुए नोटिस, जल्द हो सकती है कार्रवाई

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। एक तो देरी से परीक्षा आयोजित होने से छात्र-छात्राओं का कीमती समय वैसे ही खराब हो गया और अब रिजल्ट की देरी से उन्हें और भी लम्बा इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में उन्हें अन्य योजनाओं के लिए रुकना पड़ रहा है। इस समस्या को देखते हुए विश्वविद्यालय ने रिजल्ट में देरी के जिम्मेदार 32 से अधिक कॉलेजों को नोटिस जारी किया है और साफ कहा गया है कि यदि एक निश्चित समय सीमा में अंक और अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ब्ध नहीं कराई गई तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बताया जाता है कि बीए, बीकॉम और बीएससी प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की मुख्य परीक्षाओं के प्रायोगिक, सीसीई और प्रोजेक्ट इंटर्नशिप के अंक अभी तक विश्वविद्यालय को नहीं मिल पाए हैं। इसके कारण करीब 8 हजार से अधिक विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम अटकने की आशंका है।

इस मामले में विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेजों को कई बार स्मरण पत्र जारी कर अंक ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही अंकों की हार्ड कॉपी भी विश्वविद्यालय में जमा कराना अनिवार्य किया गया था। इसके बाद भी 32 कॉलेजों ने निर्धारित समय सीमा में जानकारी नहीं भेजी।

छात्र-छात्राओं को हो सकता है नुकसान

बताया जाता है कि यदि कॉलेजों ने जल्द ही अंक नहीं भेजे तो विवि सभी के रिजल्ट तो जारी कर देगा लेकिन जिन छात्र-छात्राओं के अंक नहीं मिलेंगे उनके रिजल्ट रोके जा सकते हैं। ऐसे में छात्र-छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ेगी और उन्हें दोबारा कई प्रकार की अनुमति लेनी होगी। ऐसे में दोष कॉलेज का रहेगा लेकिन प्रभावित बच्चे होंगे।

जल्द अंक नहीं भेजे तो होगी कार्रवाई

कॉलेजों ने जल्द ही अंक नहीं भेजे तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। उनकी गलती का खामियाजा छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। ऐसे में बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को सजा मिलनी चाहिए।

डॉ सुनील दुबे,परीक्षा नियंत्रक रादुविवि

Created On :  

Next Story