Jabalpur News: होम साइंस कॉलेज में दो दिवसीय वार्षिक स्नेह सम्मेलन, मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान, 21 को मिले स्वर्ण पदक

होम साइंस कॉलेज में दो दिवसीय वार्षिक स्नेह सम्मेलन, मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान, 21 को मिले स्वर्ण पदक
मेहनत से पाई मंजिल...चेहरे पर खिली स्वर्णिम मुस्कान

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मंच पर छात्राओं के नाम पुकारे जा रहे थे और हर नाम के साथ सभागार तालियों से गूंज रहा था। किसी के हाथ में एक स्वर्ण पदक था तो किसी ने अपनी मेहनत से दो-दो गोल्ड मेडल हासिल किए। अवसर था शासकीय मोहनलाल हरगोविंददास गृहविज्ञान एवं विज्ञान महिला (स्वशासी) महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक स्नेह सम्मेलन का। जहांं 21 छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किए गए। इस खास मौके पर छात्राओं ने इसे खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। समारोह परिसर में अनुशासन के साथ मेडल प्राप्त किए गए, वहीं बाद में मेडल के साथ सेल्फी लेकर इस यादगार पल को कैमरे में कैद किया गया।

गोल्ड मेडल पाकर खिले चेहरे

सम्मेलन के शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 21 छात्राओं को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। इसके साथ ही स्नातकोत्तर के 15 और स्नातक के 23 समूहों सहित कुल 38 समूहों की 114 छात्राओं को आकस्मिक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना की 32 छात्राओं को भी सामाजिक सेवा, अनुशासन और सक्रिय सहभागिता के लिए सम्मान मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि धर्मशास्त्र राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. मनोज कुमार सिन्हा व उत्तर-मध्य विधानसभा विधायक डॉ. अभिलाष पांडे रहे।

अतिविशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा विभाग के ओएसडी डॉ. अजय कुमार गुप्ता, विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ. अखिलेश जैन और केसरवानी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष दुबे रहे। समारोह में प्राचार्य डॉ. समीर कुमार शुक्ल ने महाविद्यालय की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में छात्राओं के बौद्धिक, शैक्षणिक और व्यक्तित्व विकास के लिए 55 ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मेरे लिए गर्व का पल

दो गोल्ड मेडल हासिल करना मेरे लिए गर्व का पल है। पढ़ाई के दौरान निरंतरता बनाए रखना और समय का सही उपयोग करना मेरी प्राथमिकता रही। शिक्षकों ने हर कदम पर मार्गदर्शन दिया। इस उपलब्धि से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है और आगे भी नए लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिली है।

पिंकी अग्रवाल, गोल्ड मेडलिस्ट

मिला मेहनत का अच्छा परिणाम

दो गोल्ड मेडल मिलना मेरी मेहनत का परिणाम है। पढ़ाई के साथ खुद को लगातार बेहतर बनाने की कोशिश की। शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग से यह मुकाम हासिल कर पाई। यह सम्मान मेरे लिए सिर्फ उपलब्धि नहीं, बल्कि आगे बढ़ने की जिम्मेदारी भी है।

अंजली चौरसिया, गोल्ड मेडलिस्ट

Created On :  

Next Story