Jabalpur News: रक्षाबंधन पर्व पर रीवा से चलेंगी 8 स्पेशल ट्रेनें जबलपुर के खाते में सिर्फ लंबी दूरी की गाड़ियां

रक्षाबंधन पर्व पर रीवा से चलेंगी 8 स्पेशल ट्रेनें जबलपुर के खाते में सिर्फ लंबी दूरी की गाड़ियां
कई ट्रेनों में अभी से बढ़ने लगा वेटिंग का आंकड़ा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रक्षाबंधन पर्व पर ट्रेनों में यात्रियों की संख्या हर साल बढ़ती है और रेलवे स्पेशल ट्रेनें चलाता है। इस बार भी पश्चिम मध्य रेल ने रीवा से तो 8 स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा कर दी है लेकिन जबलपुर के खाते में अभी सिर्फ लंबी दूरी की ट्रेन ही आई हैं। कुल मिलाकर जबलपुर होकर जो ट्रेनें जाएंगी वहीं यात्रियों को मिलेंगी, इनमें भी कंफर्म सीट मिल जाए थोड़ा मुश्किल है। जबलपुर से जो ट्रेनें चल रही हैं उनमें वेटिंग का आंकड़ा अभी से बढ़ने लगा है।

इसके अलावा रीवा से जो स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं वे जबलपुर स्टेशन न आकर कटनी से दमोह होकर भोपाल या फिर गंतव्य को जाएंगी। वहीं जबलपुर से होकर प्रयागराज से तिरूनेलवेली और यही ट्रेन वापसी में भी चलेगी इसके अलावा एक और ट्रेन है जो जबलपुर होकर जाएगी।

वहीं रेल प्रशासन के अनुसार अतिरिक्त यात्री यातायात को क्लीयर करने के उद्देश्य से भोपाल-रीवा-भोपाल के लिए आठ स्पेशल ट्रेनें जो चलाई जा रही हैं उनमें गाड़ी संख्या 02155 भोपाल-रीवा स्पेशल ट्रेन 25 अगस्त को, गाड़ी संख्या 02156 रीवा-भोपाल स्पेशल ट्रेन 26 अगस्त को, गाड़ी संख्या 02189 भोपाल-रीवा स्पेशल ट्रेन 26 एवं 27 अगस्त को चलेगी। इसके अलावा पर्व के समय रीवा से भोपाल ट्रेनें दौड़ेंगी।

वंदे भारत आज से 16 कोच के साथ दौड़ेगी

जबलपुर होकर रीवा से रानी कमलापति तक चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस अब 8 कोच की जगह 16 कोच के साथ दौड़ेगी। 7 अगस्त से 24 अक्टूबर तक लगभग 75 दिनों तक इसी रैक के साथ यह ट्रेन चलेगी, जिससे पर्व पर यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेल प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पमरे से चलने वाली गाड़ी रीवा–रानी कमलापति वंदे भारत एक्सप्रेस के जो 8-कोच हैं उनका रख-रखाव एवं मरम्मत कार्य किया जाना है। यही वजह है कि उन्हें झांसी वर्कशॉप भेजा जा रहा है। इसके कारण यहां से चलने वाली वंदे भारत ट्रेन को नए रैक के साथ चलाया जाएगा।

Created On :   7 Aug 2026 6:01 PM IST

Tags

Next Story