Jabalpur News: संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एसी कोच में सुरक्षा के इंतजाम नहीं

संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एसी कोच में सुरक्षा के इंतजाम नहीं
हजरत निजामुद्दीन के यात्रियों ने दर्ज कराई शिकायत, गायब हो रहे मोबाइल और पर्स

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जबलपुर से हजरत निजामुद्दीन दिल्ली तक चलने वाली गाड़ी संख्या 12121 संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एसी कोच में बुधवार-गुरुवार की रात्रि चोरों ने धावा बोला और यात्रियों के मोबाइल, पर्स सहित अन्य सामान गायब कर दिए। यात्रियों को जब उनके सामान चोरी होने की जानकारी मिली तो उन्होंने हंगामा किया, लेकिन उनकी शिकायत ट्रेन के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचने पर ही दर्ज की गई।

बताया गया है कि इस ट्रेन में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। यही कारण है कि यह ट्रेन चोरों के निशाने पर रहती है। जानकारी के अनुसार जबलपुर रांझी निवासी श्रीमती दिव्या मिश्रा संपर्क क्रांति ट्रेन के कोच बी 3 में दिल्ली का सफर कर रही थीं। रात्रि में वे सो गईं और इसी दौरान उनकी सीट में रखा बैग गायब हो गया, जिसमें नकद 6 हजार रुपए, एटीएम कार्ड, मोबाइल के साथ ही अन्य सामान था।

उनकी नींद ट्रेन के आगर कैंट पहुंचने पर खुली तो बैग न मिलने पर उन्होंने शिकायत दर्ज कराई। इसी तरह इसी ट्रेन के एसी कोच बी 2 में सिविल लाइन निवासी आकाश रजक यात्रा कर रहे थे, उनका भी मोबाइल और अन्य सामान गायब हुआ। एक अन्य यात्री ने भी इसी तरह दिल्ली पहुंचने पर शिकायत दर्ज कराई है।

ट्रेन में नहीं रहता आरपीएफ, जीआरपी का स्टाफ

संपर्क क्रांति ट्रेन में न तो जबलपुर से जाने के दौरान और न ही लौटने के दौरान कोई सुरक्षा गार्ड रहता है। आरपीएफ और जीआरपी के स्टाफ की इस ट्रेन में ड्यूटी नहीं लगाई जाती। यही वजह है कि चोरी और लूट करने वालों को खुली छूट मिली हुई है। इस ट्रेन में कई बार इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं फिर भी न जाने क्यों रेलवे यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टाफ नहीं भेजता।

Created On :   7 Aug 2026 6:11 PM IST

Tags

Next Story