Jabalpur News: महीनों से ट्रैफिक सिग्नल बंद, चारों ओर फैला अतिक्रमणों का जाल, आखिर कहां से निकलें

महीनों से ट्रैफिक सिग्नल बंद, चारों ओर फैला अतिक्रमणों का जाल, आखिर कहां से निकलें
घमापुर चौराहे के हाल } हर तरफ हालात अराजक, लग रहा जाम, जिम्मेदार बेफिक्र

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल घमापुर चौक इन दिनों बदहाली का शिकार है। एक तरफ यहां ट्रैफिक सिग्नल महीनों से बंद है, वहीं दूसरी तरफ चौराहे के आसपास ही अतिक्रमणों का जाल फैला हुआ है। तमाम बदइंतजामियों के चलते यहां ट्रैफिक बेकाबू हो गया है। हर पल यहां जाम लग रहा है। यहां से गुजरने वाले हजारों नागरिक इसकी सजा भुगतने मजबूर हैं।

लोग इस बात से हैरान-परेशान हैं कि चौराहे की दुर्गति को दूर करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि चौराहे को अतिक्रमण मुक्त करने के साथ ही ट्रैफिक सिग्नल शुरू कर व्यवस्थित किया जाना चाहिए।

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि एक तो चौराहे पर जगह कम है और यह काफी संकीर्ण है। यहां लेफ्ट टर्न की व्यवस्था भी नहीं है। वहीं भानतलैया, हनुमानताल, रद्दी चौकी और रांझी-घमापुर, बेलबाग, हाई कोर्ट एवं कलेक्ट्रेट की ओर से आने-जाने वाहनों की वजह से चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव हमेशा बना रहता है।

सुबह 8 बजे से लेकर रात 9 बजे तक यही हालात रहते हैं। विशेषकर स्कूल-कॉलेज और ऑफिसों के लगते-छूटते वक्त वाहनों के दबाव के कारण सुबह व शाम हालात दयनीय हो जाते हैं। जल्दबाजी में लोग कहीं से भी वाहन निकालते हैं। कई बार तो दोपहिया वाहन, बस, ऑटो और निजी वाहन एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में आपस में टकरा जाते हैं और अक्सर जाम के हालात बन जाते हैं। सभी को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

सिग्नल का कंट्रोल बॉक्स टूटा, नीचे तक लटके तार

स्थानीय लोगों ने बताया कि चौराहे के बीचों-बीच लगा ट्रैफिक सिग्नल महीनों से बंद पड़ा है। तार लटके हुए हैं और कंट्रोल बॉक्स भी टूट-फूट गया है। सिग्नल बंद होने, पुलिस न होने और अन्य खामियों के चलते दोपहिया, चारपहिया वाहन चालक हों या फिर बस और ऑटो चालक जल्दबाजी में गलत दिशा में वाहन दौड़ा रहे हैं। इन सब कारणों से यहां जाम लग रहा है।

अधिकारियों ने ये दिया तर्क

इधर डीएसपी ट्रैफिक संगीता डामोर व अन्य अधिकारियों का तर्क है कि घमापुर चौराहे पर यातायात का दवाब अधिक है। चौराहा छोटा होने के साथ लेफ्ट टर्न और डिवाइडर न होने की वजह से यहां अक्सर जाम लगता हैै। पीक ऑवर्स में वाहनों की संख्या और बढ़ जाती है। सिग्नल चालू होने की स्थिति में भी कई बार चौराहे और उसके आसपास जाम लगने लगता है। लोग अक्सर वाहन लेकर रॉन्ग साइड से चौराहा क्राॅस करते हैं। ये भी जाम लगने की एक वजह है।

अतिक्रमणों से घिर गया चौराहा

घमापुर चौराहे की सबसे बड़ी समस्या अतिक्रमण की भी है। सड़क संकरी होने के साथ ही यहां सड़क के किनारे अवैध कब्जों की भरमार है। दुकानों के आगे वाहनों, ई-रिक्शा और अवैध पार्किंग ने आधे से ज्यादा सड़क को घेर रखा है। यहां न तो लेफ्ट टर्न है और न ही वाहनों के खड़े होने के लिए पर्याप्त जगह, जिससे चौराहे पर अराजकता फैल रही है।

Created On :   7 Aug 2026 6:55 PM IST

Tags

Next Story