- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मेट्रो बस के ड्राइवर-कंडक्टरों ने...
Jabalpur News: मेट्रो बस के ड्राइवर-कंडक्टरों ने की हड़ताल, दिन भर परेशान रही जनता, ऑटो वालों की चली मनमानी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। कई महीनों से वेतन न मिलने और पीएफ जमा न होने के साथ अन्य कई मांगों को लेकर गुरुवार की सुबह मेट्रो बस के ड्राइवर-कंडक्टर अचानक हड़ताल पर चले गए। चालकों का आरोप था कि वे लोग सुबह से रात तक सेवाएं देते हैं, लेकिन नगर निगम प्रशासन उन्हें न तो नियमित रूप से वेतन देता है, न ही उनका पीएफ काटा जाता है।
इसके अलावा वे लोग छुट्टी और अन्य सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन उनकी समस्याएं दूर करने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहा। अचानक हुई हड़ताल के बाद शहर के लगभग सभी रूटोें पर मेट्रो बसें नहीं चलीं, जिसके कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
खासकर शहर से नौकरी के लिए दूसरे उपनगरीय क्षेत्रों में जाने व आने वाले और ग्रामीण क्षेत्रों के अपडाउनर्स को। मेट्रो बसों की हड़ताल का सबसे ज्यादा फायदा ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने उठाया, इन्होंने मनमाना किराया वसूलना शुरू कर दिया, जिसके कारण लोगों को दोगुने दाम चुकाने पड़े।
हालांकि दोपहर बाद अधिकारियों ने हड़ताल पर बैठे ड्राइवर-कंडक्टरों से चर्चा की और उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद हड़ताल समाप्त हुई। जेटीसीएल के प्रबंधक सचिन विश्वकर्मा ने बताया कि शुक्रवार की सुबह से शहर के हर रूट पर नियमित रूप से बसों का संचालन होगा।
और इधर ऑपरेटर्स की भी हड़ताल स्थगित...नहीं थमेंगे बसों के पहिए
जबलपुर। बस यात्रियों के लिए राहत की खबर है। शुक्रवार की मध्यरात्रि से प्रस्तावित प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन बस हड़ताल को आधिकारिक तौर पर स्थगित कर दिया गया है। सात सूत्रीय मांगों को लेकर अड़े बस ऑपरेटरों और सरकार के बीच गुरुवार शाम को हुई दूसरे दौर की उच्चस्तरीय बैठक सकारात्मक रही, जिसके बाद मध्यप्रदेश बस ऑनर्स एसोसिएशन और आईएसबीटी बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने आंदोलन टालने का फैसला किया।
आईएसबीटी बस ऑपरेटर एसोसिएशन ने साफ किया है कि सभी प्रमुख रूटों पर बसों का संचालन पूरी तरह सामान्य रहेगा। हड़ताल टलने से रक्षाबंधन और आगामी त्योहारों के सीजन में घर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है। हालांकि, बढ़ा हुआ किराया लागू होने से आम जनता के बजट पर असर पड़ना तय है।
Created On :   7 Aug 2026 6:04 PM IST










