जबलपुर: सबने कहा- तुरंत शुरू होनी चाहिए जबलपुर से मुंबई के लिए फ्लाइट

सबने कहा- तुरंत शुरू होनी चाहिए जबलपुर से मुंबई के लिए फ्लाइट
  • इंदौर से 6, भोपाल से 3 और ग्वालियर से 2 डायरेक्ट उड़ानें हैं मुंबई के लिए
  • केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री चाहते तो इन शहरों से या देश के किसी अन्य शहर से एकाध फ्लाइट कम कर सकते थे
  • जबलपुर से मुंबई के लिए तुरंत फ्लाइट शुरू होनी चाहिए।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। महाकौशल चेंबर ऑफ काॅमर्स, जबलपुर चेंबर ऑफ काॅमर्स के साथ शहर के अन्य सामाजिक संगठनों के साथ शहरवासियों का कहना है कि जबलपुर से मुंबई के लिए तुरंत फ्लाइट शुरू होनी चाहिए।

जबलपुर की यह उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इंदौर से 6, भोपाल से 3 और ग्वालियर से 2 डायरेक्ट फ्लाइट मुंबई के लिए चल रही है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया चाहते तो इन तीनों शहरों या फिर देश के किसी अन्य शहर से एकाध फ्लाइट कम कर सकते थे, मगर ऐसा न करके जबलपुर से मुंबई की इकलौती फ्लाइट बंद कर दी गई।

यह सरासर अन्याय है। फ्लाइट बंद होने से इलाजरत मरीज, स्टूडेंट, उद्योगपतियों सहित अन्य समूह परेशान हो रहे हैं।

ग्वालियर से 6 शहरों के लिए चल रही 8 फ्लाइट

जबलपुर से जहाँ एक-एक करके फ्लाइट कम की जा रही है, वहीं ग्वालियर से इनकी संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है। ग्वालियर से वर्तमान में 6 शहर क्रमश: दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु व इंदौर के लिए 8 उड़ानें हैं जिसमें पिछले दिनों ग्वालियर से मुंबई की असाका विमानन कंपनी की सीधी उड़ान चालू की है।

ट्रेन में एक गरीब रथ वह भी सप्ताह में तीन दिन

फ्लाइट बंद होने से अब ट्रेनों पर दबाव बढ़ने लगा है। दुर्भाग्य की बात तो यह है कि मुंबई के लिए जबलपुर से चलने वाली एक गरीब रथ एक्सप्रेस है वह भी सप्ताह में तीन दिन। फ्लाइट से जो सफर ढाई घंटे में आसानी से संभव हो जाता था वह ट्रेन से 16 से 18 घंटे में पूरा हाे रहा है।

हर संभव लड़ाई लड़ी जाएगी

फेडरेशन ऑफ मप्र चेंबर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष हिमांशु खरे ने बताया कि जबलपुर से घटती विमान संख्या व बेतहाशा यात्री किराए में वृद्धि के मद्देनजर वायुसेवा संघर्ष समिति के तत्वावधान में एक बैठक 9 मार्च को आयोजित की गई है।

जिसमें औद्योगिक व्यापारिक संघ, चिकित्सा, अधिवक्ता व अन्य प्रमुख संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे। जहाँ संस्कारधानी के हितों की रक्षा के लिए हर लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया जाएगा।

शहरहित में उठने लगी आवाज

शहर का विकास तो छोड़ो अब डाउनफॉल शुरू हो गया है। दूसरे शहरों से नई-नई फ्लाइट चालू हो रही है और यहाँ से बंद की जा रही है, उड़ानें कम ही करनी थीं तो फिर एयरपोर्ट के लिए साढ़े चार सौ करोड़ रुपए क्यों खर्च किए।

अर्चना भटनागर, अध्यक्ष मावे

जिन कारणों को लेकर कनेक्टिविटी बनाई गई थी उसे तो पूरी तरह से नजरअंदाज किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों को चाहिए कि यहाँ से अधिक से अधिक फ्लाइट चालू करवाएँ।

रवि गुप्ता, अध्यक्ष महाकौशल चेंबर ऑफ कॉमर्स

शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और विदेश जाने के लिए सभी को मुंबई जाना पड़ता है। इसके लिए जरूरी है कि यहाँ से डायरेक्ट फ्लाइट हो। फ्लाइट बंद करके परेशान किया जाना ठीक नहीं है।

प्रेम दुबे, कार्यकारी अध्यक्ष जबलपुर चेंबर ऑफ काॅमर्स

टर्मिनल बनने के बाद विमान सेवाएँ बढ़ने की उम्मीद की जा रही थी, मगर उल्टा हो रहा है, यहाँ से फ्लाइट बंद की जा रही है। औद्योगिक विकास के लिए विमान सेवाएँ बढ़ना जरूरी है।

डीआर जेसवानी, कार्यकारी अध्यक्ष महाकौशल उद्योग संघ

Created On :   8 March 2024 1:36 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story