जबलपुर न्यूज: गोलबाजार में ग्राफिक्स डिजाइन की दुकान में लगी आग,
डिजिटल डेस्क जबलपुर। गोलबाजार में स्थित एक ग्राफिक्स डिजाइन की दुकान में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई। ये दुकान तीन मंजिला भवन के निचले हिस्से में संचालित हो रही थी, जबकि ऊपर की दो मंजिलों में ग्राफिक्स दुकान संचालक मुकेश विद्यार्थी और पंकज विद्यार्थी का रहवास भी है। आग की लपटों और धुंए से आसपास के लोग दहशत में आ गये, तत्काल फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद फायर ब्रिगेड कर्मी चार फायर वाहनों के साथ मौके पर पहुंच गए और आग को काबू करने का प्रयास शुरू किया, हालांकि इस दौरान आग ने दुकान में लगी मशीनों, फ्लेक्स, कच्चे मैटेरियल, फर्नीचर और अन्य सामान को चपेट में ले लिया था। जिससे दुकान में रखी मशीनें, फ्लेक्स, प्लास्टिक के बोर्ड और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। बताया गया है कि जिस जगह ग्राफिक्स डिजाइन का काम किया जा रहा था, वह घना रिहायशी इलाका है यहां आसपास और भी लोग निवास करते है। रास्ता सकरा होने से फायर वाहनों को मौके पर पहुंचने की पर्याप्त जगह नहीं थी। इसके बावजूद दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मोर्चा संभाला और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, दुकान संचालकों ने प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच कर रहा है।
Created On :  
