Jabalpur news: कृषि और उद्योग के समन्वय से किसानों को होगा फायदा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भगवान बलराम का स्मरण करते हुए कहा कि खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कृषि के साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा देना जरूरी है। कृषि और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय से किसानों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार मिल सकता है और उन्हें इससे फायदा होगा। किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत मंगलवार को कृषि उपज मंडी परिसर में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअली शामिल हुए।उन्होंने जबलपुर की कृषि विशेषताओं का उल्लेख करते हुए मटर, सिंघाड़ा और अन्य कृषि उत्पादों की संभावनाओं पर जोर दिया।
वहीं किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण को भी महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदू, नीरज सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, भाजपा किसान प्रदेश मंत्री राजमणि सिंह बघेल, महामंत्री पंकज दुबे कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गेहलोत आदि मौजूद रहे।
योजनाओं से जोड़ने का माध्यम
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भी किसानों को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि बलराम कृषि महोत्सव किसानों को शासन की योजनाओं और आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। किसानों को बेहतर बाजार, सुविधायुक्त मंडियां और अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और प्राकृतिक उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम में विधायक डॉ.अभिलाष पांडे भी वर्चुअली जुड़े थे।
किसानों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान रुक्मणी पटेल, वीरेंद्र सिंह, रामदीन पटेल, रामेश्वर, कैलाश यादव, सीमा कुशवाहा, अनिल पटेल तथा सविता विश्वकर्मा को जनप्रतिनिधियों ने सम्मानित किया।
Created On :  
