जबलपुर न्यूज: 9 माह से भटक रहा पीड़ित नहीं हो रहा नक्शा बटांकन

9 माह से भटक रहा पीड़ित नहीं हो रहा नक्शा बटांकन
कलेक्टर की जनसुनवाई में पनागर से आए पीड़ित ने बताई समस्या, सैकड़ों शिकायतें आई

डिजिटल डेस्क जबलपुर।

तहसीलदार के आदेश के बाद भी जमीन का रिकार्ड अपडेट न होना, नक्शा बटांकन की दुरूस्ती न होना इस तरह से शिकायतें आम हो गई है। कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचने वाली हर तीसरी से चाैथी रिकार्ड दुरूस्त न होने से संबंधित ही रहती है जिसमें आवेदन महिनों अधिकारियों के चक्कर लगाता है मगर उसकी समस्या का समाधान न होने से वह लगातार यहां से वहां भटकता रहता है। ऐसी ही शिकायत मंगलवार को जनसुनवाई में पहंुची जहां पनागर निवासी पोषण पटेल ने शिकायत देते हुए बताया कि ग्राम बरौद में उसकी जमीन है जिसका 8 जनवरी 2026 को तहसीलदार न्यायालय से नक्शा बटांकन करने आदेश जारी हो चुका है। इस नौ माह का समय बीतने के बाद भी रिकार्ड दुरूस्त नहीं हो रहा है,वह लगातार पटवारी के चक्कर लगा रहा है, मगर उसकी सुनवाई नहीं हो रही है।

एक अन्य शिकायत में लार्डगंज निवासी मुरलीधर पालन्दे ने आवदेन देकर बताया कि लक्ष्मीपुर में उसने स्वयं व पत्नि के नाम से एक मकान क्रय किया है। राजस्व रिकार्ड में उसका व पत्नि का नाम दर्ज कराने सभी आवश्यकताएं पूरी करने के बाद भी उसका रिकार्ड में उनका नाम दर्ज नहीं हो रहा है।

जनसुनवाई में पहुंचे संस्कार सिटी सहकारी समिति सूरतलाई कटंगी रोड के रहवासियों ने कलेक्टर का अावेदन देकर बताया कि डेवलपर द्वारा कालोनी के फेस क्रमांक 2, 3 व 4 के निर्माण के दौरान सीवर के पानी की निकासी व एसटीपी का निर्माण नहीं किया गया है, जिससे लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

कक्ष के बाहर आकर सुनी आमजन की समस्याएं:

कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने साप्ताहिक जनसुनवाई में पहुंचे आमजन की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 171 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें दोबारा आए 60 आवेदन भी शामिल हैं।

जनसुनवाई में पहुंची एक दिव्यांग महिला ने कलेक्टर श्री विश्वकर्मा के समक्ष पेंशन संबंधी समस्या रखी। कलेक्टर ने महिला की समस्या सुनकर संबंधित विभाग को तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार दिव्यांग स्कूल के विद्यार्थियों सहित अन्य आवेदकों की समस्याओं को भी उन्होंने ध्यानपूर्वक सुना और उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कलेक्टर कार्यालय में पहुंचे लोगों से भी अपने कक्ष के बाहर आकर व्यक्तिगत रूप से भी भेंट की। उन्होंने सभी आवेदकों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंहए डिप्टी कलेक्टर अभिषेक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।


Created On :  

Tags

Next Story