- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- धनवंतरि नगर-विजय नगर फ्लाईओवर में...
Jabalpur News: धनवंतरि नगर-विजय नगर फ्लाईओवर में मदन महल की तरह रोटरी बनेगी

- नए फेरबदल के साथ फिर से लोक निर्माण मंत्रालय भेजा जाएगा प्रस्ताव
- 180 करोड़ से रेल ओवर ब्रिज के साथ बनने वाले इस फ्लाईओवर में उतरते वक्त हादसे न हों इसलिए डीपीआर में ही बदलाव
- रेल ओवर ब्रिज के साथ बन रहे इस फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होते ही बहुत बड़ी आबादी को फायदा होगा।
Jabalpur News: धनवंतरि नगर को विजय नगर एरिया से जोड़ने के लिए बनने वाले फ्लाईओवर में दमोहनाका, मदन महल फ्लाईओवर जैसी गोल रोटरी का निर्माण किया जाएगा। इसको पहले एल आकार से टी आकार में बदला गया, अब लोक निर्माण विभाग ने इंडियन रोड कांग्रेस के मापदण्डों के अनुसार इसमें जहां पर ब्रिज उतरेगा उससे पहले एक गोल रोटरी बनाने का भी प्लान किया है।
इसमें रोटरी वैसे ही बनेगी जैसी मदन महल चौक पर फ्लाईओवर के ऊपर और नीचे बनी है। 180 करोड़ की लागत से आरओबी के साथ स्वीकृत किया गया यह फ्लाईओवर शहर के दो बड़े रिहायशी इलाकों को जोड़ेगा। मंत्रालय को अब डीपीआर में जरूरी संशोधन कर भेजा जाएगा।
केवल टी से एल आकार में संशोधन नहीं बल्कि इसमें रोटरी का प्रावधान करने के लिए कहा गया है। इसके बाद इसको लोक निर्माण मंत्रालय निर्माण की फाइनल एनओसी देगा। बता दें कि यह फ्लाईओवर इसी साल बजट में स्वीकृत किया गया है। इसको लंबे समय से बनाने की मांग की जा रही है।
निर्माण से पहले भू-अर्जन करना होगा
धनवंतरि नगर क्षेत्र में जहां पर यह ब्रिज रेल पांतों के ऊपर से आगे तक बनना है। वहां भूमि का अधिग्रहण भी किया जाएगा। इसके लिए राजस्व विभाग से संपर्क कर लोक निर्माण सेतु ने प्रक्रिया को शुरू भी कर दिया है। जहां पर यह ब्रिज उतरना है उसमें आगे भी चलने के लिए जनता को चौड़ा रास्ता मिल सके, इसके लिए भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।
लंबे चक्करों से मिलेगी मुक्ति
रेल ओवर ब्रिज के साथ बन रहे इस फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होते ही बहुत बड़ी आबादी को फायदा होगा। मेडिकल, धनंवतरि नगर, तिलवारा, भेड़ाघाट और आसपास की नई बसाहट के साथ जितनी भी पुरानी बस्तियां हैं उनको विजय नगर, आईएसबीटी, दमोहनाका और शहर के मध्य हिस्से तक इस फ्लाईओवर के साथ आना-जाना आसान होगा। इसके बनने से दो बड़े हिस्से आपास में जुड़ेंगे, जिससे पूरा चक्कर लगाने व आने जाने से मुक्ति मिलेगी।
ऐसा बनना है यह ब्रिज
इसकी कुल लंबाई 1200 मीटर होगी
ऊपर इसमें 36 फीट चौड़ी सड़क बनेगी
इसको 180 करोड़ की लागत से बनाया जाएगा
डिजाइन में बदलाव होने पर लागत और बढ़ेगी
विंटर सीजन में इसमें निर्माण शुरू होने की संभावना
Created On :   30 July 2025 3:17 PM IST