Jabalpur News: रहवासी एरिया में ऑटो पार्ट्स का गोदाम, आग लगने का खतरा

रहवासी एरिया में ऑटो पार्ट्स का गोदाम, आग लगने का खतरा
  • संकरी गली में फायर ब्रिगेड का पहुंचना तक मुश्किल, क्षेत्र के नागरिक दहशत में
  • शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नेपियर टाउन स्थित डॉ. बराट कम्पाउंड के रहवासी क्षेत्र में ऑटो पार्ट्स का गोदाम चलाया जा रहा है। यहां की गली इतनी संकरी है कि यदि आग लग जाए तो फायर ब्रिगेड भी नहीं पहुंच पाए। रहवासी क्षेत्र से गोदाम को बाहर करने के लिए नगर निगम से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इससे क्षेत्रीय नागरिक दहशत में हैं।

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि डॉ. बराट कम्पाउंड में महेश वाधवानी द्वारा ऑटो पार्ट्स का गोदाम चलाया जा रहा है। यहां बड़े पैमाने पर ज्वलनशील सामग्रियों का स्टॉक रखा हुआ है। हैरान करने वाली बात यह है कि गोदाम में अग्नि सुरक्षा के किसी भी प्रकार के इंतजाम तक नहीं हैं। यहां की गली संकरी होने के कारण आग लगने पर फायर ब्रिगेड तक नहीं पहुंच सकती। गोदाम की आग पूरी कॉलोनी को अपनी चपेट में ले सकती है।

विशेष जांच दल गठित करने निर्देश, पेश होगी रिपोर्ट

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने निर्देश दिया है कि रहवासी क्षेत्र में गोदाम और कारखानों की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया जाए। उन्होंने विशेष दल को 7 दिन में रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा है। महापौर ने ये निर्देश नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच और भारतीय वरिष्ठ नागरिक एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल से बातचीत के बाद जारी किए हैं।

प्रतिनिधि मंडल ने महापौर को बताया कि शहर के 67 प्रतिशत रहवासी क्षेत्रों में ज्वलनशील सामग्रियों के गोदाम और कारखाने चल रहे हैं। इसके बाद भी फायर सेफ्टी प्लान और फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट की जांच नहीं की जा रही है। इस मौके पर डॉ. पीजी नाजपांडे, वेदप्रकाश अधौलिया, टीके रायघटक, डीके सिंह और अर्जुन कुमार शामिल थे।

लोडिंग-अनलोडिंग से लग रहा जाम

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि गोदाम में दिन भर लोडिंग-अनलोडिंग का काम चलता रहता है। इससे लोगों को कार निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार तो वाहन भी फंस जाते हैं। इससे जाम लग जाता है।

जागरूक बनें, इस नंबर पर दे सकते हैं जानकारी

यदि आपकी दुकान या घर के आसपास ज्वलनशील सामग्रियों के गोदाम का संचालन किया जा रहा है, तो आप जागरूक नागरिक होने का परिचय देते हुए इसकी जानकारी दैनिक भास्कर के व्हाट्सअप नंबर-98273-81945 पर दे सकते हैं। आपका नाम और नंबर गोपनीय रखा जाएगा।

Created On :   29 April 2026 2:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story