Jabalpur News: शिकायत की, सबूत सौंपे, अस्पताल के भीतर तक घुस आए अवैध कब्जे

शिकायत की, सबूत सौंपे, अस्पताल के भीतर तक घुस आए अवैध कब्जे
विक्टोरिया अस्पताल प्रबंधन ने अतिक्रमण को लेकर उच्चाधिकारियाें से चिंता जताई, अतिक्रमण हटाने न्यायिक मजिस्ट्रेट को भेजा पत्र

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सेठ गोविंददास (विक्टोरिया) जिला चिकित्सालय की बेशकीमती सरकारी जमीन पर अवांछनीय तत्वों ने कब्जा कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल प्रबंधन द्वारा बार-बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं, जिससे अब अस्पताल की छवि भी धूमिल हो रही है।

सिविल सर्जन द्वारा जारी पत्रों के अनुसार, अस्पताल परिसर के वार्ड क्रमांक 5 एवं 6 के पीछे, धोबी घाट के बगल और गुरुद्वारे के पास स्थित शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किया गया है। साक्ष्य के तौर पर विभाग ने अतिक्रमण की तस्वीरें भी प्रशासन को भेजी हैं। जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल का परिसर लगभग 10 एकड़ क्षेत्र में फैला है, जिस पर विभिन्न भवन बने हुए हैं, वहीं बहुत सारा क्षेत्र खाली पड़ा हुआ है।

अधिकारियों की सुस्ती से उठ रहे सवाल

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार पूर्व में सूचना देने के बाद भी आज दिनांक तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अतिक्रमणकारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे अस्पताल की सुरक्षित मानी जाने वाली बाउंड्रीवॉल के पास निर्माण कर रहे हैं।

रिमाइंडर लेटर भेजे लेकिन कार्रवाई शून्य

अस्पताल प्रशासन ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और नगर निगम आयुक्त को दूसरी बार पत्र जारी किए हैं। दस्तावेजों से पता चलता है कि इससे पहले 6 दिसंबर 2024 को भी इन विभागों को पत्र लिखकर सूचित किया गया था। ताजा पत्र मंगलवार 28 अप्रैल को भेजा गया है, जिसकी एक प्रति न्यायिक मजिस्ट्रेट (प्रथम श्रेणी) अरुण गोयल को भी भेजी गई है, जिसमें भूमि को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग रखी गई है।

अस्पताल के एक हिस्से में हो रहे अतिक्रमणों एवं कब्जों को हटाने के लिए विभिन्न विभागों से दोबारा पत्राचार किया है, ताकि अवैध कब्जों को हटाया जा सके। इन कब्जों से अस्पताल की छवि धूमिल हो रही है।

डॉ. नवीन कोठारी, सिविल सर्जन

Created On :   29 April 2026 2:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story