Jabalpur News: आड़ी-तिरछी पाइप लाइन बिछाकर बंद कर दिए तीन नाले, कैसे होगी पानी की निकासी

आड़ी-तिरछी पाइप लाइन बिछाकर बंद कर दिए तीन नाले, कैसे होगी पानी की निकासी
अमृत-2.0 योजना के काम में लापरवाही } शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज से गोकलपुर तक बारिश में मचेगा कोहराम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत बड़ी पाइप लाइप बिछाने के काम में हद दर्जे की लापरवाही बरती जा रही है। इसकी बानगी शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज से गोकलपुर के बीच देखी जा सकती है। यहां पर आड़ी पाइप लाइन बिछाकर तीन नाले बंद कर दिए गए हैं। अब यहां से पानी की निकासी कैसे होगी। इसको लेकर क्षेत्रीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है।

उल्लेखनीय है कि अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत रांझी जलशोधन संयंत्र से लेकर ललपुर तक बड़ी पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। वर्तमान में शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज से गोकलपुर के बीच पाइप लाइन बिछाई जा रही है। यहां पर गन्ना गेट, गर्ल्स हॉस्टल और गोकलपुर तक तीन नाले सड़क क्रॉस करते हैं। तीनों नालों को आड़ी पाइप लाइन बिछाकर बंद कर दिया गया है। नालों में पानी निकासी के लिए जगह नहीं छोड़ी गई है। नाले बंद होने से बारिश का पानी रहवासी क्षेत्रों में भरेगा।

पाइप लाइन के नीचे से बनाना था पक्का नाला

पूर्व पार्षद राजेश यादव और अजय गुप्ता का कहना है कि पाइप लाइन के नीचे पक्का नाला बनाने के बाद उसके ऊपर पाइप लाइन बिछानी थी। इससे नाले का पानी निकलता रहता। पाइप लाइन के नीचे नाला बनाए बिना ही पाइप लाइन बिछाकर नाले को बंद कर दिया गया। इसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ेगा।

शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज से गोकलपुर के बीच तीन नालों पर आड़ी पाइप लाइन बिछाने का मामला संज्ञान में आया है। पाइप लाइन के नीचे से नाले के पानी की निकासी के लिए रास्ता बनाया जाएगा।

-कमलेश श्रीवास्तव, जल प्रभारी, नगर निगम

पेटी कॉन्ट्रेक्टरों को सौंपा काम, उनके पास इंजीनियर तक नहीं

गोकलपुर निवासी प्रमोद शुक्ला और गोविन्द गुप्ता का कहना है कि पाइप लाइन बिछाने का ठेका पीसी स्नेहल कंपनी को मिला है। कंपनी ने पूरा काम पेटी कॉन्ट्रेक्टरों को सौंप दिया है। उनके पास एक भी इंजीनियर नहीं है। पूरा काम मनमाने तरीके से किया जा रहा है। जानकारों का कहना है कि ठेके की शर्त के अनुसार पाइप लाइन बिछाने का काम पेटी कॉन्ट्रेक्टरों को सौंपा नहीं जा सकता। इसके बाद भी ठेका कंपनी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

नगर निगम के इंजीनियर नहीं कर रहे मॉनिटरिंग, हो रहा अव्यवस्थित कार्य

क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि नगर निगम के इंजीनियर पाइप लाइन बिछाने के काम की मॉनिटरिंग नहीं कर रहे हैं। इसकी वजह से पेटी कॉन्ट्रेक्टरों ने आड़ी पाइप लाइन बिछाकर तीन नालों को बंद कर दिया। जल्द ही पाइप लाइन के नीचे से पानी निकासी का रास्ता बनाना चाहिए, यदि ऐसा नहीं किया गया तो पूरे क्षेत्र में जलभराव होने लगेगा।

Created On :   29 April 2026 2:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story