- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- सरकारी स्कूलों के टॉयलेट की मरम्मत...
Jabalpur News: सरकारी स्कूलों के टॉयलेट की मरम्मत न करवाने पर शिक्षक इंजीनियर को हटाया

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सरकारी स्कूलों में शौचालयों की मरम्मत के कार्य में घोर लापरवाही करने वाले शिक्षक इंजीनियर की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर जिला शिक्षा केन्द्र से जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में वापस दी गई है। इस प्रकार उन्हें इंजीनियर के पद से हटा दिया गया है। इसी प्रकार कम परीक्षा परिणामों पर 4 जनशिक्षकों को भी हटाने के आदेश जारी किए गए हैं।
कलेक्टर और सह जिला मिशन संचालक जिला शिक्षा केन्द्र राघवेन्द्र सिंह द्वारा जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि ओमप्रकाश सिंह मूल पद प्रधानाध्यापक माध्यमिक शाला की सेवायें प्रतिनियुक्ति पर जनपद शिक्षा केन्द्र शहपुरा जबलपुर में विकासखंड अकादमिक समन्वयक के पद पर कार्यालय जिला शिक्षा केन्द्र के आदेश द्वारा ली गई थी, इसके बाद राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के पत्र अनुसार बीई सिविल योग्यताधारी होने के कारण जिला शिक्षा केन्द्र के उपयंत्री पद पर प्रतिनियुक्ति पर ली गई थी।
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में निर्माण कार्यों की समीक्षा में शासकीय शालाओं में बालिका शौचालय एवं जीर्णशीर्ण भवन के कार्य की प्रगति अपेक्षाकृत नहीं पाई गई। विभागीय पोर्टल के अनुसार प्रथम चरण के 24 के विरुद्ध सिर्फ 9 बालिका शौचालय पूर्ण हुये हैं, इस पर ओमप्रकाश सिंह की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी के लिये कार्यमुक्त किया गया।
निर्माण शाखा का अतिरिक्त प्रभार अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक चंदन चंसोरिया उपयंत्री संविदा को सौंपा गया है।
इन जनशिक्षकों को मुक्त किया गया
कम परीक्षा परिणामों पर जनशिक्षक प्रदीप पटेल, श्रीमती अलका कोरी, अजय सिंह ठाकुर और पंकज अग्रवाल को भी जनशिक्षक के पद से मुक्त कर दिया गया है। इन्हें भी कलेक्टर सह जिला मिशन संचालक के आदेश से कार्यमुक्त किया गया।
हालांकि जनशिक्षकों का कहना है कि उनका कार्य मॉनिटरिंग का होता है और उन्होंने अपना कार्य बेहतर तरीके से किया। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी दोषियों पर कार्रवाई नहीं कर सकते, इसलिए जनशिक्षकों को टारगेट किया गया लेकिन जनशिक्षक न्यायालय में अपना पक्ष प्रस्तुत करेंगे।
Created On :   29 April 2026 3:33 PM IST












