दैनिक भास्कर की विशेष पहल: ‘छोटी सी आशा’-भीषण गर्मी में प्यासे पक्षियों का सहारा बनें आप, जल्द शुरू हो रहा है अभियान

‘छोटी सी आशा’-भीषण गर्मी में प्यासे पक्षियों का सहारा बनें आप, जल्द शुरू हो रहा है अभियान
  • अपने घर की छत, आंगन या मुंडेर पर पानी से भरे सकोरे रखकर बचाएं बेजुबानों की जान
  • भीषण गर्मी की दस्तक: पक्षियों के लिए संकट का समय
  • छोटी सी आशा: प्यासे पक्षियों के लिए बढ़ाएं हाथ

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जैसे-जैसे सूरज के तेवर तीखे हो रहे हैं और पारा चढ़ता जा रहा है, इंसानों के साथ-साथ बेजुबान पक्षियों के लिए भी मुसीबतें बढ़ने लगी हैं। तपती दोपहर और जलते आसमान के नीचे ये नन्हे परिंदे पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस जाते हैं। इसी मानवीय संवेदना को समझते हुए दैनिक भास्कर एक बार फिर अपना प्रसिद्ध अभियान ‘छोटी सी आशा’ बहुत जल्द शुरू करने जा रहा है।

क्या है यह मुहीम

यह अभियान केवल एक खबर नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन है। इसका उद्देश्य गर्मी के इन कठिन महीनों में उन बेजुबान पक्षियों की मदद करना है जो प्यास के कारण दम तोड़ देते हैं। दैनिक भास्कर अपने पाठकों से अपील करता है, कि वे अपने घरों के बाहर, बालकनी, छत या आंगन में मिट्टी के सकोरे (मिट्टी के बर्तन) में पानी भरकर रखें।

बहुत जल्द होने जा रही है शुरुआत

इस साल यह मुहीम बहुत जल्द शुरू होने वाली है। दैनिक भास्कर द्वारा सकोरों का वितरण और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। हम चाहते हैं कि हर घर की मुंडेर पर एक सकोरा हो, ताकि कोई भी पक्षी प्यासा न रहे।

आप कैसे जुड़ सकते हैं

दैनिक भास्कर अखबार में इस अभियान से संबधित फॉर्म आपको मिलेगा जिसे भरकर आप कार्यालय से एक सकोरा अपने घर ले जा सकते है। जिसे आप अपने घर की छत या बालकनी में छायादार स्थान पर पानी भरकर रखें।

नियमित सफाई: बर्तन के पानी को रोज बदलें और उसे साफ रखें।

दाने का इंतजाम: पानी के साथ-साथ थोड़ा अनाज या दाना भी रखें।

फोटो शेयर करें: अपनी इस नेक पहल की तस्वीर हमारे साथ साझा करें ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों।

भीषण गर्मी में बिना पानी के न जाने कब से वह पंछी प्यासा है, थोड़ा सा पानी बस उसकी एक 'छोटी सी आशा' है। दैनिक भास्कर के इस अभियान में सहभागी बनें और मानवता का परिचय दें।




Created On :   23 April 2026 3:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story