- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- हद है..एक तरफ के टूटे पड़े और दूसरी...
Jabalpur News: हद है..एक तरफ के टूटे पड़े और दूसरी ओर के डिवाइडरों पर करवा रहे रंग-रोगन

- विजय नगर क्षेत्र में नगर निगम की अजीबो-गरीब कार्यप्रणाली से लोगों में आक्रोश
- डिवाइडर पर लगे पौधों पर कीड़े न लगें और लम्बे समय तक रंग-रोगन भी यथावत बना रहे।
Jabalpur News: शहर विकास के कार्यों में नगर निगम के जिम्मेदार कितने गंभीर हैं। इसका अंदाजा विजय नगर इलाके में चल रहे रोड डिवाइडर के रंग-रोगन कार्य को देखकर आसानी से लगाया जा सकता है। ऐसा इसलिए क्योंकि उखरी तिराहे से खान ब्यूरो ऑफिस मार्ग पर बने डिवाइडर जगह-जगह से क्षतिग्रस्त पड़े हुए हैं। उनकी टूटी जालियों को बनवाने तक की ओर संबंधित जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वहीं दूसरी तरफ पंचशील कॉलोनी (अहिंसा चौक से पहले) से लेकर दीनदयाल चौराहा तक बने डिवाइडर पर जमकर रंग-रोगन किया जा रहा है। इससे क्षेत्रीयजन आक्रोशित हो उठे हैं और उन्होंने इस कार्यप्रणाली को भेदभाव पूर्ण करार दिया है।
एक सप्ताह पूर्व उद्यान विभाग ने शुरू किया रंग-रोगन- जानकारों की मानें तो नगर निगम के उद्यान विभाग शाखा द्वारा एक सप्ताह पूर्व विजय नगर इलाके में रंग-रोगन कार्य शुरू किया गया है। इसके तहत रोड डिवाइडरों पर उगी खरपतवार को अलग करवाकर उसके दोनों तरफ काली-पीली और कुछ जगहों पर सफेद रंग की पट्टियां बनाई जा रही हैं।
डिवाइडर पर लगे पौधों पर कीड़े न लगें और लम्बे समय तक रंग-रोगन भी यथावत बना रहे। इसके लिए विशेष प्रकार के केमिकल का इस्तेमाल भी किया जा रहा है और यह कार्य शहर के कुछ अन्य हिस्सों में भी किया जाने वाला है। ऐसा निगम के वरिष्ठ अधिकारियों का दावा है।
विजय नगर इलाके में जितने भी रोड डिवाइडर हैं। उन सभी को जल्द दुरुस्त कर वहां भी रंग-रोगन किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं।
-आलोक शुक्ला, उद्यान अधिकारी, ननि
जहां रसूखदारों के बंगले वहां हो रहा चकाचक
दूसरी ओर अहिंसा चौक से लेकर दीनदयाल चौराहा तक बने रोड डिवाइडर पर रोजाना रंग-रोगन कर इन्हें चमकाया जा रहा है। इस दौरान क्षेत्रीयजनों का आरोप है कि नगर निगम और जिला प्रशासन से जुड़े कई रसूखदारों के बंगले इसी क्षेत्र में स्थित हैं और उनके दबाव में ही दीनदयाल चौक तक बने रोड डिवाइडरों को चमकाया जा रहा है।
बीते वर्ष भी केवल अहिंसा चौक से पंचशील कॉलोनी और दीनदयाल चौक से एसबीआई चौराहे तक के डिवाइडरों पर रंगरोगन किया गया था और उस दौरान भी जिम्मेदारों ने क्षतिग्रस्त पड़े डिवाइडरों को यूं ही उपेक्षित छोड़ दिया था।
Created On :   9 Jun 2025 5:48 PM IST