Jabalpur News: 5वीं-8वीं की परीक्षा कॉपियों में डबल हैंडराइटिंग की होगी जांच

5वीं-8वीं की परीक्षा कॉपियों में डबल हैंडराइटिंग की होगी जांच
डीपीसी के आदेश पर सभी मूल्यांकन केन्द्राध्यक्षों को जारी हुए पत्र, चेरीताल में रखी कॉपियों की राइटिंग का होगा मिलान

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। 5वीं और 8वीं कक्षा की परीक्षा में की गई धांधली का मामला अब गंभीर हो चला है। एक ही काॅपी में दो हैंडराइटिंग मिलने से पूरा शिक्षा महकमा सकते में है। अब इस मामले में जांच के आदेश हुए हैं और जल्द ही एक टीम चेरीताल कन्या स्कूल में रखी नगर-2 की तमाम कॉपियों को पलटकर देखेगी। हालांकि जानकारों का कहना है कि इसमें कॉपियों को जांचने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी केवल पन्ने पलटने से ही डबल राइटिंग नजर आ जाएगी।

5वीं और 8वीं की परीक्षा 20 से 28 फरवरी के बीच आयोजित की गई थी। इसके बाद इन परीक्षाओं की कॉपियाें को जांचने का काम किया जा रहा है जो अभी भी चल रहा है। कॉपियां जांचने वाले कुछ शिक्षकों ने जानकारी दी थी कि नगर-2 के कुछ परीक्षा केन्द्रों की कॉपियों में दो तरह की हैंडराइटिंग मिल रही हैं। इससे कयास लगाए गए कि परीक्षकों ने खुद ही बच्चों की परीक्षा कॉपी में नकल की या फिर किसी के जरिए करवाई गई। इसके साथ ही एक ही तरह के उत्तर अधिकांश कॉपियों में मिले जिससे सामूहिक नकल की आशंका जाहिर की गई है।

अब इस मामले को लेकर जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र योगेश शर्मा के निर्देश पर प्राचार्य जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान ने पत्र जारी कर सभी मूल्यांकन केन्द्राध्यक्षों को निर्देश जारी किए हैं कि सभी हेडवैल्यूअर से जानकारी प्राप्त कर प्रमाण पत्र लिए जाएं कि परीक्षा में ऐसी विसंगति प्राप्त हुई है या नहीं और यदि हुई है तो सम्बंधित केन्द्र, केन्द्राध्यक्ष, सहायक केन्द्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक का नाम सहित बीआरसीसी, जनशिक्षक एवं मूल्यांकन केन्द्राध्यक्ष द्वारा जांच प्रतिवेदन बनाकर वरिष्ठ कार्यालय को भेजें, ताकि इनके खिलाफ परीक्षा एस्मा अधिनियम की धारा के तहत कार्रवाई की जा सके।

कक्षा 9वीं और 11वीं की द्वितीय परीक्षा जून में

10वीं और 12वीं की द्वितीय परीक्षा मई में होगी तो वहीं 9वीं और 11वीं की परीक्षा जून में होगी। इसके लिए परीक्षा समय सारिणी घोषित कर दी गई है। जारी किए गए टाइम टेबल के अनुसार कक्षा 9वीं और 11वीं की द्वितीय परीक्षा 3 जून से 13 जून तक आयोजित की जाएगी। कक्षा नौवीं की परीक्षा सुबह 9 बजे से 12 बजे तक व कक्षा 11वीं की परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की जाएगी।

किसी दूसरे पक्ष की मदद ली जाए

इस मामले में जानकारों का कहना है कि जांच में किसी दूसरे पक्ष की मदद ली जाए, क्योंकि गड़बड़ी करने वाले जांच को भी प्रभावित कर सकते हैं। बेहतर होगा कि यदि कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ अधिकारियों को भी इसमें शामिल किया जाए क्योंकि यह केवल नकल या बदइंतजामी का मामला ही नहीं है, बल्कि इसके जरिए एक पूरी पीढ़ी को पंगू बनाया जा रहा है। कुछ स्कूल बच्चों का भला नहीं चाहते, बल्कि नकल कराकर बच्चों के साथ अन्याय कर रहे हैं।

रादुविवि अध्यक्ष पद के लिए 7 दावेदारों ने भरे फाॅर्म, उपाध्यक्ष के लिए 16 नामांकन

रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के 25 मार्च को होने वाले चुनाव के लिए नामांकन फाॅर्म भरे जा चुके हैं। अब बुधवार को स्क्रूटनी के बाद प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। इससे यह पता चलेगा कि किस पद पर कौन-कौन चुनाव लड़ रहा है। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कर्मचारी संघ के चुनाव हमेशा से ही प्रतिष्ठापूर्ण माने जाते रहे हैं।

फिलहाल तो अध्यक्ष के एक पद के लिए 7 और उपाध्यक्ष के 2 पदों के लिए 16 प्रत्याशियों ने नामांकन भरा है। बताया जाता है कि नामांकन के अंतिम दिन तक रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय कर्मचारी संघ चुनाव अध्यक्ष के 1 पद के लिए 7, उपाध्यक्ष के 2 पद के लिए 16, महासचिव के 1 पद के लिए 8, कोषाध्यक्ष के 1 पद के लिए 13 और कार्यकारिणी सदस्यों के 5 पदों के लिए 19 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। बुधवार को नामांकन वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची का प्रकाशन होगा।

Created On :   18 March 2026 5:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story