- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- गैस सिलेंडर के लिए अब लगानी पड़ रही...
Jabalpur News: गैस सिलेंडर के लिए अब लगानी पड़ रही डबल लाइन, पहले एजेन्सी फिर गोदाम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। ईरान-इजराइल युद्ध के चलते गैस की किल्लत से आम जनता की परेशानी कम होने का नाम ही नहीं ले रही। ऑनलाइन बुकिंग की समय-सीमा के चलते जरूरतमंद घरेलू उपभोक्ता प्रत्यक्ष रूप से पर्ची कटाने के लिए एजेन्सी के बाहर लाइन लगा रहे थे, लेकिन अब लोगों को सिलेंडर पाने के लिए गोदाम के बाहर भी लाइन लगानी पड़ रही है।
इस परेशानी के बीच कई तरह की गड़बड़ियां और नई-नई जानकारियां भी सामने आ रही हैं। जिसमें हॉकरों की तरफ से किया जाने वाला गोलमाल भी सामने आया है, जिसको लेकर प्रशासनिक स्तर पर जल्द ही ठोस कदम उठाया जा सकता है। इस पर प्रशासन ने मंगलवार को जिले के विभिन्न इलाकों में जांच के दौरान कई होटलों व रेस्टाॅरेंट्स में उपयोग किए जा रहे 22 घरेलू सिलेंडर जब्त किए हैं।
जिनका 6 सिलेंडर में चलता था काम, अब उन्हें 12 चाहिए
गैस की किल्लत को लेकर प्रशासन पहले दिन से सिलेंडरों की कमी न होने का दावा कर रहा है, लेकिन एजेन्सियों के बाहर भीड़ कम होने का नाम ही नहीं ले रही। ऐसे में जब जांच की गई तो पता चला कि कई घरेलू उपभोक्ता ऐसे हैं, जिनकी जरूरत साल में 6 सिलेंडरों से पूरी हो जाती थी, लेकिन अब उन्हें भी पूरे 12 सिलेंडर चाहिए। इसी वजह से ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत हो रही है।
हॉकर करते थे सिलेंडरों का खेल
जानकारी के अनुसार किसी भी गैस एजेन्सी में सबसे बड़ा रोल हाॅकरों का रहता है, क्योंकि ये डायरेक्ट घरेलू उपभोक्ताओं के संपर्क में रहते हैं। ऐसे में कम खपत करने वाले उपभोक्ताओं के सिलेंडर हॉकर होटल-रेस्टाॅरेंट वालाें को 200 से 300 रुपए ज्यादा लेकर दे देते थे। घरेलू सिलेंडर की गैस कमर्शियल सिलेंडर में पलटाकर वापस गोदाम पहुंचा दिए जाते थे।
निर्धारित समय में बुकिंग करने पर भी होम डिलीवरी नहीं
गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी फिलहाल कुछ ही जगहों पर हो रही है। आम उपभोक्ताओं का आरोप है कि प्रशासन और गैस एजेन्सियां होम डिलीवरी निर्धारित करने का दावा जरूर कर रही हैं, लेकिन निर्धारित समय पर बुकिंग करने के बावजूद उन्हें फोन करके गोदाम से सिलेंडर लेने के लिए कहा जा रहा है।
होटलों से जब्त किए 22 घरेलू सिलेंडर
रसोई गैस सिलेंडर के अवैध भंडारण एवं दुरुपयोग को रोकने की जा रहीं कार्रवाई में जांच दल ने 22 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। दल ने मंगलवार को पाटन में जैन होटल से तीन घरेलू सिलेंडरों को व्यावसायिक इस्तेमाल करते हुए जब्त किया। इसी प्रकार रांझी में एसडीएम मौसमी केवट के नेतृत्व में लकी किचन फ्लेवर से आठ घरेलू, पांच कमर्शियल गैस सिलेंडर, इंदिरा मार्केट स्थित श्रीकृष्ण वेज थाली रेस्टॉरेंट से 6 घरेलू गैस सिलेंडरों को व्यावसायिक इस्तेमाल करते जब्त किया गया।
घरेलू गैस से दुकान में बन रही थी चाट
मझौली बस स्टैण्ड में इंद्राना निवासी रविन्द्र ठाकुर से 1 एलपीजी सिलेण्डर, 1 गैस भट्ठी और नोजल जब्त किया गया। इसी तरह इंद्राना में चांदनी चौक निवासी सुशांत कोष्टा से भी 2 सिलेण्डर, 1 नोजल और 1 रेगुलेटर जब्त किए गए।
Created On :   18 March 2026 5:20 PM IST












