- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- जाम लगने से देर तक फंसे रह गए वाहन,...
Jabalpur News: जाम लगने से देर तक फंसे रह गए वाहन, नजर नहीं आया ट्रैफिक अमला

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर का एक चौराहा ऐसा है जो कि भयावह जाम लगने के कारण कुख्यात होता जा रहा है। यहां बात हो रही है कलेक्ट्रेट चौक की जहां पर जब-तब वाहनों के पहिए थमने लगते हैं। ऐसा ही कुछ मंगलवार की दोपहर भी हुआ। जब चारों ओर दो-पहिया व चार-पहिया वाहन काफी देर तक खड़े रहे और इस दौरान आम लोगों को आवागमन में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों राजन गुप्ता, महेन्द्र सोनटेके, दीपेन्द्र बहादुर एवं संतोष गौर आदि ने बताया कि दोपहर लगभग 1 बजे कलेक्ट्रेट चौक के पास एक ओर का रास्ता बंद कर दिया गया था। इसी के चलते दोपहिया तथा चार पहिया वाहन पीएसएम के सामने वाले रास्ते से ही निकलने की कोशिश कर रहे थे और इसी कारण चौराहे के चारों ओर वाहनों की लम्बी कतार लग गई।
नजर नहीं आया ट्रैफिक पुलिस का अमला
क्षेत्रीयजनों का आरोप है कि कलेक्ट्रेट चौक के नजदीक ही उच्च न्यायालय, तहसीली, रेलवे स्टेशन, एल्गिन अस्पताल, वन विभाग एवं एसपी ऑफिस भी स्थित है लेकिन इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस का अमला यहां कभी-कभार ही नजर आता है। ऐसा ही कुछ मंगलवार को भी हुआ जब यहां लम्बा-चौड़ा जाम लग गया लेकिन यातायात पुलिस के जिम्मेदार यहां से नदारद ही रहे।
वहीं इस संबंध में यातायात थाना मालवीय चौक के टीआई अरुण कुमार पटेल का कहना था कि घंटाघर के पास एक संगठन द्वारा धरना-प्रदर्शन आयाेजित हुआ था। इसी कारण रूट डायवर्ट करने से कुछ देर के लिए जाम लगा था लेकिन रोजाना कलेक्ट्रेट के पास टीम को तैनात किया जाता है।
Created On :   18 March 2026 5:07 PM IST












