Jabalpur News: यात्रियों के लिए बंद किया रास्ता अब फैली रहती है पार्सल सामग्री

यात्रियों के लिए बंद किया रास्ता अब फैली रहती है पार्सल सामग्री
स्टेशन के पार्सल ऑफिस के बाहर अव्यवस्था से बढ़ी परेशानी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक की तरफ जाने के लिए पहले चार रास्ते थे। दो रास्तों को रेलिंग लगाकर बंद कर दिया गया है, जिसके बाद एक मार्ग पर बने पार्सल ऑफिस के बाहर अब पूरे में सामग्री बिखरी रहती है। यहां से लोगों का निकलना तक मुश्किल होता है। रेलवे अधिकारियों ने पता नहीं क्या सोचकर इन रास्तों को बंद किया है, जिसके कारण लोगों की परेशानी बढ़ी है।

स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक की तरफ जाना पहले आसान था। यहां पहुंचने के लिए इंदिरा मार्केंट से आगे पुल नंबर एक के बाजू से एक रास्ता था। दूसरा रास्ता कैरव्ज और जीआरपी थाना के पास से सीधे स्टेशन पहुंचता था। वहीं एक सर्किट हाउस नंबर दो के सामने से और दूसरा इसके आगे से है।

जिसमें से पुल नंबर एक से सीधे आने वाले मार्ग में दोनों तरफ रेलिंग लगा दी गई है, जिससे यह रास्ता वाहनों के लिए पूरी तरह बंद हो गया है। कुछ पैदल यात्री ही यहां से निकल सकते हैं। वहीं आरपीएफ थाना के बाजू से बने पार्सल ऑफिस के कारण लोगों की परेशानी बढ़ी है। मार्ग बंद होने के बाद पूरे में पार्सल सामग्री बिखरी रहती है। वहीं पार्सल की लोडिंग-अनलोडिंग भी यहीं से होती रहती है। यहां से यात्रियों का निकलना मुश्किल भरा काम है।

पार्सल सामग्री के लिए स्थान तय है अगर पार्सल फैलाकर रखा जा रहा है तो यह गलत है। नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

-शशांक गुप्ता, सीनियर डीसीएम टू रेलवे

वाहन स्टैण्ड को फायदा पहुंचाने निर्णय

लोगों का कहना है कि वाहन स्टैण्ड वाले को फायदा पहुंचाने के लिए रास्ते बंद किए गए हैं। अब प्लेटफाॅर्म नंबर एक तक पहुंचने का सिर्फ एक ही रास्ता बचा है, जबकि दूसरे रास्ते से वाहनों काे बाहर निकाला जाता है। कोई भी वाहन यहां से बिना पैसे दिए नहीं जा सकता। एक रास्ता होने से अब वाहनों की कतार लग जाती है। कई बार तो ट्रेन छूटने का भी डर बना रहता है। वहीं ड्राप एण्ड गो में भी वाहनों से वसूली होती है।

Created On :   18 March 2026 5:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story