- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- आधार बनाने मुख्यालय केंद्र पहुंच...
Jabalpur News: आधार बनाने मुख्यालय केंद्र पहुंच रहे रोजाना सैकड़ों लोग, सुविधा न के बराबर

- कलेक्ट्रेट के आधार में भीड़ का "करेक्शन' जरूरी आधा दर्जन सेंटर लेकिन समाधान एक में भी नहीं
- आधार सेंटरों में तकनीकी अधिकारी की कमी के चलते समस्या आ रही है।
Jabalpur News: आज के समय में आधार कार्ड हर व्यक्ति की जरूरत बन गया है। चाहे बैंक खाता खुलवाना हो या फिर समग्र आईडी बनवाना हो। यहां तक कि बिना आधार कार्ड के केवायसी तक संभव नहीं हो सकती। इस हिसाब से इस प्रक्रिया का सरलीकरण होना जरूरी है। मगर देखने में यह आ रहा है कि शहर में ही आधा दर्जन आधार बनाने हेतु सेंटर उपलब्ध हैं। इसके बाद भी जनता की भीड़ कलेक्ट्रेट स्थित आधार केंद्र के मुख्यालय में ही सबसे ज्यादा होती है।
अब सवाल यह उठता है कि जब बाकी सेंटरों में भी आधार बनाने की वहीं प्रक्रिया है तो फिर मुख्यालय ही आदमी दौड़ क्यों लगाता है। इसकी एक वजह तो यही सामने आई है कि अन्य सेंटरों में आम आदमी को राहत नहीं मिलती, बल्कि एक बार में आधार बनना तक संभव नहीं हाे रहा है। वहीं मुख्यालय में बढ़ रही भीड़ के हिसाब से मुख्यालय स्थित केंद्र में सुविधाएं बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
समस्या का कैसे होगा निराकरण
तकनीकी अधिकारी होना जरूरी
आधार सेंटरों में तकनीकी अधिकारी की कमी के चलते समस्या आ रही है। शहर के अन्य सेंटरों में तकनीकी अधिकारी न होने के कारण ही लोग यहां-वहां भटक रहे हैं।
सुविधाएं जुटानी होंगी
मुख्यालय के आधार सेंटर में भीड़ के हिसाब से पर्याप्त कर्मचारी नहीं हैं। कर्मचारी संख्या बढ़ाने के साथ ही लोगों के बैठने के लिए भी सुविधाएं जुटाने की जरूरत है।
सेंटरों में ऑपरेटरों के भरोसे चल रहा कार्य
बताया जाता है कि शहरी क्षेत्र अधारताल, विजय नगर, दमोहनाका, रामपुर, भानतलैया व रांझी में आधार सेंटर संचालित हो रहे हैं। मगर इन सेंटरों में ऑपरेटरों के भराेसे काम चल रहा है। जहां भीड़ तो लगती है मगर एक बार में अगर आधार नहीं बना तो फिर जनता को भटकना पड़ता है।
खासकर उस वक्त मुसीबत ज्यादा बढ़ जाती है जब सारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पावती तो मिल जाती है मगर आधार नहीं बन पाता और ऑनलाइन भी पेंडिंग बताता है। इसके बाद पीड़ित को थकहार कर समस्या के निराकरण के लिए कलेक्ट्रेट ही आना पड़ता है।
Created On :   5 Aug 2025 7:06 PM IST