- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- समय पर बुकिंग की, डिलीवरी की डेट भी...
Jabalpur News: समय पर बुकिंग की, डिलीवरी की डेट भी निकल गई फिर भी नहीं मिला सिलेंडर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। ईरान-इजराइल युद्ध के चलते गैस की किल्लत दिनों दिन बढ़ती जा रही है। हालांकि शासन-प्रशासन स्तर पर गैस की कोई कमी नहीं होने का दावा जरूर किया गया, लेकिन गैस एजेन्सियों के बाहर आम लोगों की लाइन कम नहीं हो रही, जिसको लेकर तरह-तरह के सवाल भी खड़े हो रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी गैस की बुकिंग और डिलीवरी को लेकर सामने आ रही है।
बुधवार को गैस एजेन्सियाें के बाहर लाइन में लगे कई उपभोक्ताओं से चर्चा की गई, तो पता चला कि उन्हाेंने गैस की ऑनलाइन बुकिंग समय पर की थी और उन्हें डिलीवरी के लिए दो से तीन दिन बाद की डेट मिली थी, लेकिन सिलेंडर घर नहीं पहुंचने पर वे लोग जब एजेन्सी पहुंचे, तो उन्हें आजकल कहकर भटकाया गया।
कोतवाली निवासी 83 वर्षीय बालमुकुंद लखेरा ने बताया कि उनका गैस कनेक्शन एचपी कंपनी का है, कंपनी के अधिकृत नंबर पर उन्होंने 13 मार्च को बुकिंग कराई थी, जिसके बाद उन्हें 16 मार्च काे सिलेंडर की डिलीवरी की डेट मिली थी। दो दिन बीतने के बाद जब वे एजेन्सी पहुंचे और करीब दो घंटे लाइन में लगने के बाद जब उनका नंबर आया, तो उन्हें आश्वासन देकर लौटा दिया गया।
इसी तरह कांचघर निवासी रजनीश राय ने बताया कि उन्होंने भी 13 मार्च को नियम के तहत ऑनलाइन बुकिंग की थी और 16 मार्च को सिलेंडर न पहुंचने पर जब वे शीतलामाई स्थित एजेन्सी पहुंचे, तो वहां के कर्मचारियों ने उन्हें बहाने बनाकर लौटा दिया। बालमुकुंद और रजनीश जैसे सैकड़ों लोगों की यही परेशानी है, लेकिन उनकी समस्या का हल किसी के पास नहीं।
गोदाम में सिलेंडरों से भरीं गाड़ियां, फिर भी भटक रहे लोग
एक तरफ प्रशासन और डीलर गैस की कोई कमी नहीं होने का दावा कर रहे हैं। गैस गोदाम में भी पर्याप्त मात्रा में भरे हुए सिलेंडरों की गाड़ियां खड़ी दिख रही हैं, लेकिन इसके बावजूद घरेलू उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।
फाेन बंद करके हॉकर गायब
आमतौर पर गैस एजेन्सी में काम करने वाले हाॅकर घरेलू उपभोक्ताओं के संपर्क में रहते हैं, लेकिन जबसे गैस संकट शुरू हुआ, हॉकर फोन बंद करके गायब हो गए। इसी वजह से होम डिलीवरी नियमित रूप से नहीं हो पा रही।
बड़े होटल-रेस्टाॅरेंट में पहुंच रहे सिलेंडर
एजेन्सियों के बाहर लाइन लगाने वाले आम लोगों का आरोप है कि कमर्शियल सिलेंडरों पर प्रतिबंध लगने के बाद भी शहर के सभी बड़े होटल व रेस्टाॅरेंट में गैस की कोई कमी नहीं दिख रही, क्योंकि घरेलू उपभोक्ताओं के सिलेंडर होटलों में पहुंचाने का गोरखधंधा तेजी से चल रहा है। हालांकि कलेक्टर द्वारा गठित की गई टीम लगातार छापेमारी और जांच करके कमर्शियल उपयोग में लाए जा रहे घरेलू सिलेंडर जब्त कर रही है।
Created On :   19 March 2026 3:21 PM IST












