- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- बारिश के पानी को बचाने स्कूल...
Jabalpur News: बारिश के पानी को बचाने स्कूल बनाएंगे वॉटर रिचार्ज सिस्टम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नया शिक्षण सत्र 1 अप्रैल से शुरू हो जाएगा। इसमें छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए पहले से तैयारियां शुरू हो जानी चाहिए। हर स्कूल इस बात का ध्यान रखे कि बारिश के पहले ही परिसरों में वॉटर रिचार्ज सिस्टम बनाए जाएं, ताकि बारिश का कीमती जल बर्बाद न हो और भूमिगत जल में बढ़ोत्तरी हो। इसी प्रकार हर स्कूल में बालिकाओं के शौचालयों का सुधार और साफ-सफाई पर भी ध्यान दिया जाए।
उपरोक्त निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बुधवार को शैक्षणिक गुणवत्ता एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आयोजित समीक्षा बैठक में दिए। पंडित लज्जा शंकर झा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी अधिकारियों को संबोधित करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा प्रत्येक व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाया जाए।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत छात्र नामांकन सत्यापन की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विकासखंडों में भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा नामांकन वृद्धि हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए, साथ ही ड्रॉपआउट विद्यार्थियों को पुनः मुख्यधारा से जोड़ने पर विशेष बल भी दिया। कर्मचारियों के सत्यापन एवं डेटा अद्यतन को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैंक खाता प्रमाणीकरण की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया गया कि विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के बैंक खातों का पूर्ण सत्यापन किया जाए ताकि छात्रवृत्ति एवं अन्य शासकीय लाभ सीधे एवं समय पर खातों में हस्तांतरित हो सके।
ई-अटेंडेंस पर ध्यान दिया जाए
बैठक में ई-अटेंडेंस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए सभी विद्यालयों में नियमित उपस्थिति दर्ज करने एवं सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। छात्रवृत्ति वितरण की समीक्षा में पात्र विद्यार्थियों को समयबद्ध तरीके से लाभ प्रदान करने तथा नवीन प्रविष्टियां शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों के नवीन प्रवेश को सरल पारदर्शी एवं विद्यार्थी हितैषी बनाने पर जोर दिया गया, जिससे अधिकाधिक विद्यार्थी शासकीय विद्यालयों में प्रवेश ले सकें।
पुस्तक मेले में हों व्यवस्थाएं
25 मार्च से 5 अप्रैल तक पुस्तक मेले का आयोजन शहीद स्मारक गोलबाजार में किया जा रहा है। सभी विद्यालयों को निर्देशित किया गया कि इस मेले की जानकारी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों तक व्यापक रूप से पहुंचाई जाए। पाठ्यपुस्तक वितरण के संबंध में निर्देशित किया गया कि प्रत्येक विद्यार्थी को समय पर पूर्ण पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। वहीं अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए व 1 अप्रैल को सभी विद्यालयों में प्रवेशोत्सव आयोजित करने कहा गया।
Created On :   19 March 2026 3:15 PM IST












