Jabalpur News: कठौंदा के थोक पटाखा बाजार में खुलेआम हो रहे अवैध कब्जे

कठौंदा के थोक पटाखा बाजार में खुलेआम हो रहे अवैध कब्जे
  • अग्नि हादसे के बाद भी नगर निगम ने नहीं लिया सबक, शिकायत पर नहीं हो रही कार्रवाई
  • कठौंदा पटाखा बाजार में अवैध दुकानों से पटाखों का थोक कारोबार किया जा रहा था।

Jabalpur News: कठौंदा स्थित थोक पटाखा बाजार में खुलेआम अवैध कब्जे हो रहे हैं। यहां पर आधा दर्जन से अधिक अस्थाई टीन शेड बनाए जा रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि 26 जनवरी 2025 को थोक पटाखा बाजार में बड़ा अग्नि हादसा हुआ था। अग्नि हादसे के लिए अवैध दुकानों को जिम्मेदार माना गया था। इसके बाद भी नगर िनगम के अधिकारियों ने इससे कोई सबक नहीं लिया।

जानकारों का कहना है कि नगर निगम ने कठौंदा में 50 थोक पटाखा दुकानें आवंटित की हैं। सभी दुकानें थोक पटाखा लायसेंस धारक व्यापारियों को कलेक्टर की अनुशंसा पर आवंटित की गई हैं। सुरक्षा की दृष्टि से इनके बीच में 10-10 फीट का गैप रखा गया है। दुकानों में अग्नि सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं, ताकि दुर्घटना को टाला जा सके। वहीं दूसरी तरफ कठौंदा में अवैध कब्जा कर टीन शेड बनाए जा रहे हैं, जो आने वाले समय में थोक पटाखा बाजार की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं।

अफसरों पर मिलीभगत का आरोप

व्यापारियों का कहना है कि कठौंदा थोक पटाखा बाजार में नगर निगम ने दुकानें तो आवंटित कर दी हैं, लेकिन व्यापारियों को सुरक्षा देने में यह नाकाम रहा है। नगर निगम के अधिकारियों की मिलीभगत से कठौंदा थोक पटाखा बाजार में अवैध कब्जे हो रहे हैं, जो सुरक्षा के लिए घातक बन सकता है।

नगर निगम ने तोड़ी थीं 10 अवैध दुकानें

कठौंदा पटाखा बाजार में अवैध दुकानों से पटाखों का थोक कारोबार किया जा रहा था। अग्नि हादसे के बाद नगर निगम ने 10 अवैध दुकानों को तोड़ दिया था। इसके बाद फिर से अवैध कब्जा कब्जा कर दुकानें बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। यहां के व्यापारी कई बार नगर निगम के अधिकारियों से अवैध कब्जे की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

नगर निगम की ओर से कठौंदा थोक पटाखा बाजार में 50 दुकानें आवंटित की गई हैं। इसके अलावा यहां पर किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं दी गई है। पटाखा बाजार का निरीक्षण कराकर यहां से अवैध दुकानों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

-प्रमोद अग्रवाल, उपयंत्री, संपदा शाखा

Created On :   9 Sept 2025 6:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story