- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- मदन महल स्टेशन से चलेगी जनशताब्दी...
Jabalpur News: मदन महल स्टेशन से चलेगी जनशताब्दी एक्सप्रेस

- एक दर्जन से अधिक क्षेत्र के लोगों को मिलेगी राहत, समय में कोई फेरबदल नहीं
- जनशताब्दी एक्सप्रेस अभी मुख्य स्टेशन से सुबह 5.30 बजे रवाना होती है
- समर सीजन में कई ट्रेनों का मदन महल स्टेशन में ही स्टाॅपेज दिया गया था
Jabalpur News: पमरे के जबलपुर मंडल से संचालित होने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस को अब मदन महल स्टेशन से सुबह 5.40 बजे चलाया जा सकता है। इस आशय का एक प्रस्ताव मंडल कार्यालय से मुख्यालय भेजा गया है, जिसे अंतिम स्वीकृति का इंतजार है। हालांकि स्टेशन में यात्री सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। इस ट्रेन को यहां से चलाने के पीछे रेल प्रशासन की बड़ी मंशा यह है कि आने वाले समय में इस स्टेशन की उपयोगिता बढ़ाई जाए। मदन महल से ट्रेन चलाने पर एक दर्जन से अधिक क्षेत्रों के लोगों को सुबह ट्रेन पकड़ने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करना पड़ेगी।
वहीं दूसरी ओर जबलपुर से रायपुर की ओर चलाई जाने वाली नई ट्रेन को जबलपुर से सुबह 5 बजे रवाना करने के कारण भी जनशताब्दी के स्टेशन में फेरबदल किया जा रहा है। जबलपुर मंडल द्वारा मदन महल स्टेशन को विकसित करने लंबे समय से कार्य कराए जा रहे हैं। समर सीजन में कई ट्रेनों का मदन महल स्टेशन में ही स्टाॅपेज दिया गया था, ताकि यहां आने वाली दिक्कतों का निराकरण भी किया जा सके।
अभी मात्र दो मिनट का स्टाॅपेज
जनशताब्दी एक्सप्रेस अभी मुख्य स्टेशन से सुबह 5.30 बजे रवाना होती है और 5.38 बजे मदन महल स्टेशन पहुंचती है, यहां मात्र 2 मिनट रुकने के बाद 5.40 बजे रवाना होती है। दो मिनट के स्टाॅपेज में कई बार लोगों की ट्रेन छूटने की संभावना रहती है जिससे शहर के आधे से ज्यादा क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी का सफर तय करके जबलपुर मुख्य स्टेशन पहुंचना पड़ता है।
इन क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा लाभ: इस ट्रेन के मदन महल स्टेशन से संचालित होने पर गोरखपुर, गढ़ा, यादव काॅलोनी, उखरी, मेडिकल, अधारताल, राइट टाउन, विजय नगर, स्नेहनगर, दमोहनाका, गोहलपुर, रामपुर, गौरीघाट सहित आसपास के यात्रियों को राहत मिलेगी।
Created On :   19 Jun 2025 6:33 PM IST