Jabalpur News: खुले में हो रही कचरे की डम्पिंग, छुई खदान हाट बाजार के पास हाल-बेहाल

खुले में हो रही कचरे की डम्पिंग, छुई खदान हाट बाजार के पास हाल-बेहाल
दुर्गन्ध से लोग परेशान, स्वास्थ्य पर पड़ रहा बुरा प्रभाव, जिम्मेदार बेफिक्र

Jabalpur News: डाॅ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड के अंतर्गत आने वाले छुई खदान में हाट बाजार के आसपास नगर निगम के द्वारा खुले में कचरे की डम्पिंग की जा रही है। कचरे से आने वाली दुर्गन्ध और हर तरफ फैली गंदगी के कारण यहां लोगों का जीना दूभर हो गया है। इससे पूरे क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। यह समस्या न केवल लोगों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो रही है, बल्कि पर्यावरण के लिहाज से भी यह हानिकारक है। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि हाट बाजार के पास नगर निगम का गार्बेज स्टेशन है।

इसके बाद भी नगर निगम कचरे के प्रबंधन में लापरवाही बरत रहा है। नगर निगम के कर्मचारी खुले में कचरा डम्प कर रहे हैं, जिससे लोग परेशान हो रहे हैं। इस समस्या के लिए जिम्मेदार विभाग की उदासीनता से लोगों में आक्रोश पनप रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि हाट बाजार के पास कॉलेज, फुटबाॅल ग्राउंड और मंदिर हैं। यहां आसपास लोग भी रहते हैं। खुले में कचरा डम्प किए जाने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। खुले में कचरे की डम्पिंग से लोगों का यहां से निकलना मुश्किल हो गया है।

कचरे की वजह से आसपास आवारा पशुओं का यहां जमावड़ा लगा रहता है। नागरिकों ने खुले में हो रही कचरे की डम्पिंग को रोकने के लिए कई बार शिकायतें कीं। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने अपनी आंखें मूंद रखी हैं, जिससे पूरे क्षेत्र के लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र और फुटबाॅल मैदान में खेलने आने वाले खिलाड़ियों के अलावा आसपास रहने वाले लोग भी कचरे और दुर्गन्ध से परेशान हैं। इनका कहना है कि अगर समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह समस्या और भी ज्यादा गंभीर हो सकती है।

संक्रमण का खतरा

नागरिकों ने बताया कि खुले में कचरा डम्प किए जाने से उनकी परेशानी बढ़ गई है। बारिश में कचरे से आने वाली दुर्गन्ध से न सिर्फ लोगों को परेशानियां हो रही हैं, बल्कि कचरे के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। मच्छरों के कारण आसपास रहने वाले लोग परेशान हैं। लोगों को मच्छरजनित बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है।

व्यवस्थित तरीके से हो कचरे का प्रबंधन

क्षेत्रीय नागरिकों की मांग है कि जल्द से जल्द कचरे को उठाने की व्यवस्थित प्रणाली बनाई जानी चाहिए और सही तरीके से कचरे का निपटारा किया जाना चाहिए। इस समस्या का समाधान करने के लिए नगर निगम को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि लोगों को कचरे से हो रही परेशानियों से निजात मिल सके। इससे न केवल लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्या से छुटकारा मिलेगा, बल्कि पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा।

क्षेत्रीय नागरिकों सेे खुले में कचरा डम्प किए जाने की शिकायत मिली है। जल्द ही कचरे को उठाया जाएगा।

-पोलाराव, सहायक, स्वास्थ्य अधिकारी

Created On :   23 Oct 2025 6:13 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story