- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- जगह-जगह नजर आ रहीं पान की पीक और...
Jabalpur News: जगह-जगह नजर आ रहीं पान की पीक और बोतलें, यहां घूमने वाले फेंक रहे खाली पैकेट

- मदन-महल- दमोह नाका फ्लाईओवर 4 दिन में ही होने लगा गंदा, मौज-मस्ती करने वाले फैला रहे कचरा
- इसी तरह के हालात फ्लाईओवर के मदन महल वाले इलाके में भी देखने को मिल रहे हैं।
Jabalpur News: मदन महल चौक से दमोह नाका तक करीब 8 किमी लम्बे फ्लाईओवर का निर्माण करवाया गया है। बीते 23 अगस्त को धूमधाम से दमोह नाका रोड वाले हिस्से का लोकार्पण भी हो गया और लोग रोजाना इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। यहां तक तो सब ठीक है लेकिन यही लोग जिस तरह से यहां पर गंदगी करने पर आमादा हैं, उससे यह महज 4 दिनों में ही गंदा नजर आने लगा है। इतना ही नहीं जगह-जगह पान की पीक, खाली पैकेट और बोतलें पड़ी होने से यह पूरा हिस्सा गंदा दिखने लगा है। इसे देखते हुए ब्रिज पर यथा शीघ्र डस्टबिन रखवाना जरूरी हो चुका है।
मदन महल वाले हिस्से पर भी यही हालात
कुछ इसी तरह के हालात फ्लाईओवर के मदन महल वाले इलाके में भी देखने को मिल रहे हैं। यहां पर भी रात्रि के समय आने वाले लोगों द्वारा बड़ी मात्रा में गंदगी फैलाई जा रही है। इसी के चलते यहां से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। अनेक बार तो नगर निगम का सफाई अमला भी यहां देर से पहुंचता है और तब लोगों की परेशानियां अधिक बढ़ जाती हैं।
लोकार्पण होते ही देखने के लिए उमड़ रहे लोग
फ्लाईओवर के नवनिर्मित दमोह नाका वाले हिस्से को देखने के लिए रोजाना बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचने लगे हैं। इस दौरान शाम 5 बजे से लेकर देर रात्रि तक लोग जहां सैर-सपाटा कर रहे हैं, वहीं सेल्फी लेने का आनंद भी उठा रहे हैं। लेकिन उन्हीं के द्वारा जगह-जगह पान एवं गुटखे का सेवन कर यहां बनी जेब्रा लाइन को गंदा किया जा रहा है। इतना ही नहीं खाद्य सामग्री व नशीले पेय पदार्थों की खाली बोतलें भी रोजाना फेंक रहे हैं। इसके अलावा लघुशंका करने से भी ये लोग पीछे नहीं हट रहे हैं। जिससे यह पूरा हिस्सा गंदा नजर आने लगा है।
डस्टबिन रखने से दूर हो सकती है समस्या
फ्लाईओवर पर होने वाली इस गंदगी को देखते हुए आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि डस्टबिन रखे बिना यह समस्या दूर नहीं होगी। इसे देखते हुए नियमित रूप से नगर निगम को दमोह नाका से लेकर मदन महल तक टीम को भेजकर सफाई करवानी चाहिए। इसके अलावा डस्टबिन रखने की व्यवस्था भी यहां करनी चाहिए ताकि अपशिष्ट सामग्री को इन्हीं डस्टबिन में फेंकें और फ्लाईओवर साफ-सुथरा नजर आए। यहां पर नगर निगम काे साफ-सफाई भी नियमित करनी होगी।
कैमरों से नजर रख लगे जुर्माना
फ्लाईओवर पर गंदगी फैलाने वालों पर कैमरों से नजर रखी जाए और ऐसा करने वाले लोगों पर जुर्माना लगाया जाए ताकि ये दुबारा ऐसा न करें।
शहर में अभी फ्लाईओवर नया बनकर चालू हुआ है। यहां पर नियमित सफाई के लिए हमने अमले को निर्देश दे दिए हैं। इससे गंदगी होने वाली यह समस्या जल्द दूर हो सकेगी।
अंकिता बर्मन, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम
Created On :   27 Aug 2025 6:45 PM IST