- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- टूटने लगे पक्के निर्माण, आसान हुई...
Jabalpur News: टूटने लगे पक्के निर्माण, आसान हुई सड़क चौड़ीकरण की राह

- गढ़ा मार्ग प्रकरण : 50 रैम्प और 6 पक्के मकान हटाए गए, दुकानदार भी कर रहे सहयोग
- लोगों की एक ही मांग मास्टर प्लान के अनुरूप बने सड़क
- जनता ने भी सड़क को मास्टर प्लान के अनुरूप ही 60 फीट चौड़ी बनाने के लिए आवाज बुलंद की।
Jabalpur News: धीरे-धीरे गढ़ा में सड़क चौड़ीकरण की राह आसान होती जा रही है। अब यहां पर पक्के निर्माण टूटने लगे हैं। दुकानदार भी नगर निगम को सहयोग करने लगे हैं। कई दुकानदार अपने निर्माण स्वयं हटा रहे हैं। इससे कार्रवाई में तेजी आ गई है। बुधवार को नगर निगम की टीम ने दुकानों के सामने बने 50 रैम्प तोड़ दिए। इसके साथ ही 6 पक्के मकानों को भी ढहाया गया। वहीं जनता ने भी सड़क को मास्टर प्लान के अनुरूप ही 60 फीट चौड़ी बनाने के लिए आवाज बुलंद की।
नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी मनीष तड़से ने बताया कि बुधवार को भी आनंद कुंज से पंडा की मढ़िया तक बन रही रोड के चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने का काम जारी रहा। नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए कार्रवाई के दौरान सड़क को बंद कराया गया है। इसके साथ ही बिजली कनेक्शन भी काटा जा रहा है।
बुधवार को 50 दुकानों के सामने से रैम्प हटा दिए गए हैं। कार्रवाई के दौरान 6 पक्के मकानों को हटा दिया गया है। गुरुवार को भी कार्रवाई जारी रहेगी। इस दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस और पूर्व क्षेत्र वितरण कंपनी के अधिकारी मौजूद थे।
कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश
आनंद कुंंज में कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति द्वारा विरोध करने की कोशिश की गई। पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों ने उस व्यक्ति को समझाइश दी। इससे लगभग आधे घंटे तक कार्रवाई बंद रही। इसके बाद कार्रवाई को दोबारा चालू कराया गया। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि कई दुकानदार स्वयं अपने अतिक्रमण हटा रहे हैं। इससे कार्रवाई में तेजी आ गई है।
सड़क 60 फीट चौड़ी कराने चल रहा अभियान
आनंद कुंज से पंडा की मढ़िया तक 60 फीट चौड़ी सड़क बनाने का अभियान लगातार जारी है। इस मांग को लगातार समर्थन मिल रहा है। क्षेत्र के अरविंद दुबे, सरोज पाठक एवं कृष्ण कुमार बर्मन का कहना है कि मास्टर प्लान में सड़क 60 फीट की है। यदि यहां पर मास्टर प्लान के अनुसार सड़क बनाई जाती है, तो पूरे गढ़ा क्षेत्र को राहत मिलेगी। वर्तमान में पीडब्ल्यूडी द्वारा यहां पर 53 फीट चौड़ी सड़क बनाई जा रही है।
Created On :   5 Jun 2025 6:39 PM IST