- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने का...
Jabalpur News: शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने का दिया झांसा दंपति ने लगाई साढ़े नौ लाख रुपए की चपत
- अधारताल थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज
- पतासाजी की तो ज्ञात हुआ कि दंपति ने कई लोगों को अपना निशाना बनाया है।
- दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Jabalpur News: अधारताल थाना क्षेत्र में रहने वाले जालसाज दंपति ने शेयर ट्रेडिंग में मुनाफा कमाने का झांसा देकर कई लोगों को ठगी का शिकार बनाया। जालसाज दंपति द्वारा साढ़े 9 लाख की ठगी किए जाने की शिकायत की गई है। शिकायत की जांच में खुलासा होने पर पुलिस द्वारा अधारताल जयप्रकाश नगर निवासी दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस संबंध में जयप्रकाश नगर निवासी आलोक कुमार जैन ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मोहल्ले में रहने वाले संजीव श्रीवास्तव और उनकी पत्नी निशा से उनकी जान पहचान थी। दोनों ने आलोक को अपने घर बुलाया और बातचीत के दौरान बताया कि वे शेयर ट्रेडिंग करते हैं।
दोनों ने कहा कि अगर वह उनके कहने पर शेयर ट्रेडिंग करते हैं तो प्रतिमाह दी गई राशि का 10 प्रतिशत उन्हें मुनाफा देंगे। दंपति की बातों में आकर आलोक ने 7 लाख 58 हजार रुपए संजीव को दिए। संजीव ने आलोक को 4 लाख 62 हजार 15 रुपए लौटाए, वहीं संजीव की पत्नी निशा को 3 लाख रुपए दिए जिसमें से निशा ने 1 लाख 6 हजार 501 रुपए लौटाए।
इस तरह दंपति ने आलोक की कुल राशि 4 लाख 89 हजार 485 रुपए नहीं लौटाई। वहीं आलोक की पत्नी ने भी 1 लाख रुपए संजीव को दिए थे, वह भी वापस नहीं मिले। आलोक व उनकी पत्नी ने दंपति से रुपए मांगे तो वे टालते रहे। काफी समय बीतने पर आलोक ने अपने स्तर पर पतासाजी की तो ज्ञात हुआ कि दंपति ने कई लोगों को अपना निशाना बनाया है।
उन्होंने अनुज शर्मा से दो लाख लेकर 85 हजार लौटाए, नीलम तिवारी से साढ़े 4 लाख लेकर 2 लाख 11 हजार लौटाए, वहीं अनुज से 1 लाख 14 हजार 997 रुपए और नीलम से 2 लाख 29 हजार की ठगी की है। मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी दंपति की तलाश में जुटी है।
Created On :   20 Jun 2025 6:30 PM IST