Jabalpur News: जून में गर्मी की कसर हो रही पूरी, सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज

जून में गर्मी की कसर हो रही पूरी, सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज
  • दिन में बादलों के बीच गर्म हवाओं के साथ पारा पहुंचा 42 के पार
  • अगले 3 से 4 दिनों तक 40 के ऊपर ही दर्ज होगा तापमान
  • शहर में अभी उत्तर की हवाएं सक्रिय हैं। अगले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहेगा।

Jabalpur News: कई तरह के सिस्टम सक्रिय रहने से इस बार जहां अप्रैल-मई के मौसम में तपन वाली गर्मी से राहत थी तो अब जून के माह में गर्मी की कसर पूरी होती दिख रही है। रविवार को इस समर सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य से 2 डिग्री अधिक रहा। इसी सीजन में इससे पहले अधिकतम तापमान 18 अप्रैल को 42.1 डिग्री दर्ज किया गया था।

कई दिनों के बाद अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। एक्सपर्ट के अनुसार आसपास कोई विशेष सिस्टम सक्रिय न होने की दशा में गर्म हवाओं ने सीजन में पहली बार अपना असर दिखाया है। रविवार को दिन के वक्त गर्म हवाएं सक्रिय रहीं, तो शाम को भी इसका अहसास हो रहा था। और दिनों के मुकाबले मौसम में अचानक बदलाव महसूस किया गया। मौसम वैज्ञानिक देवेन्द्र तिवारी कहते हैं कि अगले 3 से 4 दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री के ऊपर ही दर्ज किया जाएगा। जब नया सिस्टम बनेगा तब मानसून की आहट में मौसम बदलेगा।

तब सक्रिय होंगे बादल

एक्सपर्ट के अनुसार 12 जून को बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव बनने की संभावना है। यह लो प्रेशर एरिया प्रभावी हुआ तो 16 से 18 जून के बीच मानसून सक्रिय होने की संभावना बनेगी। वैसे इससे पहले हल्की बूंदाबांदी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। शहर में अभी उत्तर की हवाएं सक्रिय हैं। अगले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहेगा।

Created On :   9 Jun 2025 5:21 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story