- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- फ्लाईओवर के नीचे खंभों पर लगाए गए...
Jabalpur News: फ्लाईओवर के नीचे खंभों पर लगाए गए हैंगिंग गमलों के सूख रहे पौधे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मदन महल से दमोहनाका तक बनाए गए फ्लाईओवर के नीचे खंभों को हरियाली और सुंदरता के लिहाज से हैंगिंग गमलों से सजाया गया था। यहां प्लास्टिक के गमलों में सुंदर पौधे लगाए गए थे, ताकि लोगों को सुंदर और स्वच्छ वातावरण मिल सके लेकिन रखरखाव के अभाव में गमलों में लगे पौधे सूख रहे हैं।
रानीताल क्षेत्र में फ्लाईओवर के खंभों पर लगे हैंगिंग गमलों में लगाए गए अधिकतर पौधे सूख गए हैं। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि कुछ समय पूर्व तक गमलों में सुबह और शाम दोनों समय पानी से सिंचाई की जाती थी।
पौधों की देखभाल और रखरखाव के लिए कर्मचारी भी लगाए गए थे लेकिन पिछले कुछ सप्ताह से कर्मचारियाें ने गमले के पौधों को पानी देना बंद कर दिया गया है। जिस वजह से पौधे सूखने लगे हैं।
लोगों का कहना है कि गमलों के पौधे सूखने के कारण अब यह बेजान नजर आने लगे हैं। इनकी सुंदरता गायब हो गई है। इसके बाद भी जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
मदनमहल, रानीताल और दमोहनाका चौक पर लगाए गए हैं गमले
जानकारों का कहना है कि फ्लाईओवर निर्माण के दौरान मदन महल चौक, रानीताल और दमोहनाका चौक पर नीचे की ओर खंभों के चारों ओर हैंगिंग गमलों में पौधे लगाकर इन्हें सजाया गया था, ताकि फ्लाईओवर के नीचे का क्षेत्र भी सुंदर नजर आए लेकिन देखरेख के अभाव में ज्यादातर गमलों के पौधे सूख गए हैं। खास बात यह है कि विभाग द्वारा इसकी मॉनिटरिंग भी नहीं की जा रही है।
लोगों ने देखरेख की मांग की
क्षेत्रीय नागरिकों ने हैंगिंग गमलों की सुरक्षा और देखरेख करने की मांग की है। गर्मी का मौसम अभी शुरू हुआ है। ऐसे में गमलों में लगे पौधों को सुबह-शाम दोनों समय पानी देने के प्रबंध किए जाने चाहिए। इसके साथ ही खराब हुए सभी पौधों को जल्द बदला जाना चाहिए।
Created On :   19 March 2026 5:17 PM IST












