- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- आवास योजना की राशि पाने काट रहे...
Jabalpur News: आवास योजना की राशि पाने काट रहे चक्कर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर| कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयाेजित जनसुनवाई में एक सैकड़ा शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सर्वाधिक आपसी विवाद और जमीन पर कब्जे को लेकर रहीं। अधिकांश शिकायतों में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने जांच के आदेश दिए हैं। एक शिकायत में पीड़ित महिला विनीता यादव निवासी रामपुर छापर ने कलेक्टर को बताया कि पीएम आवास योजना की राशि पाने उसे चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। शिकायत में उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसका चयन हुआ है।
इसके बाद भी उसे राशि नहीं मिल पा रही है। इससे पहले भी अनेक बार वह आवेदन कर चुकी है मगर उसे हमेशा वंचित कर दिया जाता है। एक अन्य शिकायत में छोटी ओमती निवासी बिंदिया यादव ने बताया कि उसके नाम से गरीबी रेखा राशन कार्ड बना हुआ है और उसका पुत्र पढ़ाई करता है, मगर उसके पुत्र के नाम से सूचना पत्र देकर कार्ड बंद कर दिया गया।
आवेदन के माध्यम से उक्त पीड़ित महिला ने दोबारा कार्ड चालू करने की मांग की है। जनसुनवाई में मृत्यु उपरांत अपनी देहदान करने की इच्छा जाहिर कर चुके दिलीप कुमार खत्री ने कलेक्टर को आवेदन देकर शासकीय भूमि की मांग की है। इनका कहना है कि उन्हें शासन की योजना के तहत भूमि प्रदान की जाती है ताे उसमें वह गौशाला निर्माण, कन्या विवाह, वृद्धजन सेवा, पशु-पक्षियों के दाना हेतु कार्य करेंगे।
मंगलवार को जनसुनवाई में जहां 101 आवेदन प्राप्त हुए, वहीं 32 आवेदन दोबारा आए। जनसुनवाई में छात्रवृत्ति, अतिक्रमण, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रिकाॅर्ड सुधार, अर्जित अवकाश का भुगतान, अवैध कब्जा, संबल योजना सहित अन्य मामलों से संंबंधित आवेदन आए। जनसुनवाई में सभी विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर निगम पहुंचीं 79 शिकायतें
नगर निगम की जनसुनवाई में मंगलवार को 79 शिकायतें पहुंचीं। इसमें नगर निगम मुख्यालय में 43 और संभागीय कार्यालयों में 36 शिकायतें शामिल हैं। अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि जनसुनवाई में अतिक्रमण, भवन शाखा, स्थापना, राजस्व, जल, पेंशन, स्वास्थ्य विभाग और जन्म-मृत्यु शाखा की शिकायतें शामिल हैं। शिकायतों को निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है।
Created On :   29 April 2026 6:54 PM IST












