Jabalpur News: जहां हर घर पानी का दावा, वहां जाकर खुद देखें अधिकारी

जहां हर घर पानी का दावा, वहां जाकर खुद देखें अधिकारी
  • प्रभारी मंत्री और उप मुख्यमंत्री ने जियोस की बैठक में कई अधिकारियों को आड़े हाथों लिया, शहर के ट्रैफिक को सुधारने दिए कई निर्देश
  • जिन क्षेत्रों में जरूरी हों वहां फ्लाईओवर के प्रस्ताव पारित किए जाएं।
  • सटीक सूचना और अलर्ट जारी करने सिविलियन अवेयरनेस नाम से व्हॉट्सएप चैनल भी बनाया गया है।

Jabalpur News: जल जीवन मिशन योजना के तहत जिन घरों या गांवों में 100 फीसदी पानी सप्लाई की बात की जाती है, वहां की हकीकत एक बार खुद वरिष्ठ अधिकारियों को देखनी चाहिए। हर घर तक पानी पहुंच रहा है तो यह बहुत ही अच्छी बात है, लेकिन केवल दावा किया जा रहा है तो फिर कठोर कार्रवाई की जरूरत है। शहर के ट्रैफिक को सुधार की बेहद जरूरत है और इसके लिए जरूरी है कि शहर के अंदर से एक भी बस या भारी वाहन नहीं गुजरना चाहिए। जिन क्षेत्रों में जरूरी हों वहां फ्लाईओवर के प्रस्ताव पारित किए जाएं।

ये निर्देश उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जिला योजना समिति की बैठक में दिए। जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से पूर्ण एवं प्रगतिरत कार्यों की सूची, जिला योजना समिति के सदस्यों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

श्री देवड़ा ने शहर में अमृत 2.0 के बेहतर क्रियान्वयन तथा पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में सुधार को लेकर योजना समिति के सदस्यों की एक सप्ताह के भीतर बैठक बुलाने तथा उनके द्वारा दिए गए सुझावों को अमल में लाने के निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिए। सीवर लाइन के संबंध में बताई गई कमियों पर भी बैठक में चर्चा करने की बात कही।

सिविल डिफेंस आज की जरूरत

श्री देवड़ा ने सिविल डिफेंस प्लान पर चर्चा के दौरान कहा कि सिविल डिफेंस आज की जरूरत है। चर्चा के दौरान सदस्यों ने शहर के विस्तार को देखते हुए अंतरराज्यीय बस स्टैण्ड के आसपास और शहपुरा में फायर स्टेशन स्थापित करने का सुझाव दिया। बैठक में बताया गया कि जिला प्रशासन द्वारा सिविल डिफेंस प्लान के तहत सिविल डिफेंस वॉलेंटियर्स का पंजीयन शुरू कर दिया गया है। सटीक सूचना और अलर्ट जारी करने सिविलियन अवेयरनेस नाम से व्हॉट्सएप चैनल भी बनाया गया है।

जनता से जुड़े मामलों पर तेजी से निर्णय हों

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाए। बैठक में जन प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों का समय-सीमा तय कर समाधान निकालना होगा।

अतिक्रमण हटाने बनाई जाए कार्ययोजना| श्री देवड़ा ने कहा कि शहर के यातायात को सुधारने के लिए इसमें बाधक अतिक्रमणों को हटाने के लिए भी कार्ययोजना बनाई जाए। इसके साथ ही रांझी खेल परिसर का नामकरण पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. ईश्वरदास रोहाणी खेल परिसर करने तथा पनागर जनपद के ग्राम खिरियाकला में शासकीय हाई स्कूल का नाम स्कूल के लिए जमीन दान करने वाली श्रीमती राधिका पटेल एवं श्रीमती लक्ष्मी पटेल के नाम करने के प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया।

बैठक में ये थे शामिल| बैठक में राज्य सभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा बाल्मीक, सांसद आशीष दुबे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदू, डॉ. अभिलाष पांडे, विधायक लखन घनघोरिया, नीरज सिंह, संतोष बरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोंटिया, कलेक्टर दीपक सक्सेना, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रीति यादव आदि उपस्थित थे।

देखा कलेक्ट्रेट का हाईटेक रिकाॅर्ड रूम| उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने गुरुवार को यहां कलेक्टर कार्यालय के रिकाॅर्ड रूम का अवलोकन किया तथा नया स्वरूप देने एवं राजस्व रिकाॅर्ड को व्यवस्थित करने के लिये कलेक्टर दीपक सक्सेना की तारीफ की।

Created On :   16 May 2025 7:02 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story