- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- जलगांव
- /
- चक्रवाती बारिश के साथ तूफान से काफी...
Jalgaon News: चक्रवाती बारिश के साथ तूफान से काफी नुकसान, दीवार गिरने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

- रिंगणगांव में घर की दीवार गिरने से 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत
- गोदाम पर बिजली गिरने से पशुओं का चारा सहित अन्य सामग्री जली
Erandol News. एरंडोल में बुधवार रात अचानक तेज हवा, गरज और बिजली के साथ मानसून की पहली बारिश ने दस्तक दी। करीब आधे घंटे तक गरज, हवा और बिजली के बीच मध्यम बारिश की बौछारें पड़ीं। फिर भी शहर की नालियां ओवरफ्लो होने से सड़कों पर पानी भर गया। करीब आधे घंटे में आंधी, चक्रवात और बिजली के साथ आई बारिश ने कई जगहों पर जान-माल का नुकसान किया है। रिंगणगांव इलाके में आंधी के दौरान एक घर की दीवार गिरने से जगन रोहिमारे (75) गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। दूसरी घटना फरकंडे क्षेत्र में बीती रात नारायण सीताराम पाटिल (68) अपने पत्राें के शेड में सो रहे थे, तभी उनके ऊपर पत्रे गिरने से उनकी मौत हो गई। जानकारी तहसीलदार प्रदीप पाटिल ने दी। राजस्व अधिकारियों ने तत्काल घटनास्थल का दौरा कर मुआयना किया।
पेड़ गिरने से यातायात बाधित
तूफान के कारण धरणगांव रोड पर बिजली के तार टूट गए। छोटी दुकानों के शीशे उड़ गए और बड़े नीम के पेड़ सड़क पर गिरने से धरणगांव रोड यातायात के लिए बंद हो गया।
गाेदाम में लगी आग, नुक्सान
तूफान के दौरान एरंडोल में बलिराजा कृषि केंद्र के गोदाम में अचानक आग लग गई, जिससे कृषि केंद्र में 10 से 12 लाख रुपए के बीज, खाद और कीटनाशक का नुकसान हो गया।
केला फसल चौपट
उमरडे और विखरान में तूफान के कारण खेतों में लगी केले की फसल खेतों में गिरने से किसानों को काफी नुकसान हुआ।
बिजली गिरने से चारा खाक
विखरण में एकनाथ महाजन के खेत में बने गोदाम पर बिजली गिरने से गोदाम में रखा साल भर का चारा व अन्य सामग्री जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि इससे मवेशी बच गए। लेकिन, महाजन के सामने साल भर के लिए इन मवेशियों के लिए जरूरी चारे का सवाल मंडराने लगा है। शहर में अचानक आई चक्रवाती बारिश ने नागरिकों को दहशत में डाल दिया है।
बिजली तार टूटे पोल गिरे, आपूर्ति बाधित
तूफान ने शहर के सभी हिस्सों में कुछ हद तक सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर व आसपास के इलाकों में बेहद तेज हवाओं के कारण बड़े-बड़े पेड़ गिर गए हैं, बिजली के खंभे झुक गए हैं और कुछ जगहों पर तार टूट गए हैं। शहर व आसपास के इलाकों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। नागरिकों में चर्चा है कि आज भी बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।
Created On :   12 Jun 2025 7:44 PM IST